New Delhi News: राइजिंग स्टार्स एशिया कप में यूएई के खिलाफ 53 गेंदों में 204 रनों की रिकॉर्ड पारी खेलने के बाद 15 वर्षीय भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की चर्चा पाकिस्तान में भी हो रही है। कामरान अकमल, तनवीर अहमद, मोहम्मद वसीम और बासित अली जैसे पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने वैभव की बल्लेबाजी और छक्के लगाने की क्षमता की जमकर सराहना की है।
राइजिंग स्टार्स एशिया कप में यूएई के खिलाफ 53 गेंदों में 204 रनों की विस्फोटक पारी खेलने के बाद 15 वर्षीय भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की चर्चा सरहद पार पाकिस्तान में भी हो रही है। टूर्नामेंट के शुरुआती दो मुकाबलों में असफल रहने के बाद वैभव ने यूएई के खिलाफ 28 छक्के और सात चौके जड़ते हुए यह ऐतिहासिक पारी खेली।
उनकी इस बल्लेबाजी को देखकर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर और क्रिकेट विशेषज्ञ भी हैरान हैं। पाकिस्तानी क्रिकेट हलकों में इस बात की चर्चा है कि 15 साल की उम्र में वैभव ने जितने छक्के एक पारी में लगाए, उतने आमतौर पर वीडियो गेम में भी देखने को नहीं मिलते।
कामरान अकमल ने वैभव की बल्लेबाजी को बताया अद्भुत
पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज कामरान अकमल ने एक यूट्यूब चैनल पर चर्चा के दौरान वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की। अकमल ने कहा, “जो काम लोग 25 से 30 साल की उम्र में नहीं कर पा रहे हैं, वैभव ने 15 साल में कर दिखाया।”
वैभव की छक्के लगाने की क्षमता पर बात करते हुए उन्होंने कहा, “अगर कोई अकेला बाउंड्री की तरफ थ्रो भी फेंके, तो भी इतने रन न हो पाएं। 52 गेंदें मैं फेंकूं तब भी 28 छक्के नहीं लग पाएंगे। उसने वह बल्ले के साथ कर दिखाया। जहां तक उनकी उम्र की बात है, तो अब हमें उस पर चर्चा करना छोड़ देना चाहिए।”
तनवीर अहमद ने पाकिस्तान क्रिकेट पर कसा तंज
पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज तनवीर अहमद ने भी वैभव की प्रतिभा की सराहना करते हुए अपने देश के क्रिकेट सिस्टम पर तंज कसा। तनवीर ने कहा, “बात रही उनकी उम्र की, तो अब उस पर चर्चा ही नहीं की जानी चाहिए। अगर वैभव पाकिस्तान में होते, तो उन्हें टी20, वनडे और टेस्ट टीम में अब तक शामिल कर लिया जाता और कप्तान भी बना दिए गए होते।”
मोहम्मद वसीम और बासित अली की प्रतिक्रिया
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद वसीम ने वैभव को एक असाधारण प्रतिभा बताया। उन्होंने कहा, “वैभव सूर्यवंशी के रिकॉर्ड को अब कोई दूसरा नहीं तोड़ सकता है। अगर कोई तोड़ेगा, तो वह खुद ही हैं।”
वहीं, पूर्व क्रिकेटर बासित अली ने अपने यूट्यूब चैनल पर मैच का विश्लेषण करते हुए कहा कि वैभव की बल्लेबाजी के कारण यह मुकाबला पूरी तरह एकतरफा हो गया। बासित अली ने कहा, “यूएई ने इंडिया ए को ठीक-ठाक लक्ष्य दिया था। ऐसा लगा कि दूसरी पारी में भारतीय बल्लेबाजों को मुश्किल होगी, लेकिन वैभव ने तो कुछ होने ही नहीं दिया। उसने मैच में इतने छक्के उड़ाए, जितने एक मैच में पूरी टीम नहीं लगा पाती है। वैभव ने लिस्ट ए में जितने रिकॉर्ड थे, सब अपने नाम कर लिए।”