Rewa News: अमेरिका में रहने वाले श्यामुअल अब श्याम दास के नाम से जाने जाते हैं और रीवा के गांवों में रहकर भारतीय संस्कृति व बघेली भाषा अपना रहे हैं। ऋषिकेश में रीवा निवासी कुलदीप से दोस्ती के बाद वे रीवा पहुंचे। वे सात्विक जीवनशैली अपनाते हुए भारत में स्थायी रूप से बसने की इच्छा जता रहे हैं।
अमेरिका में रहने वाले श्यामुअल अब श्याम दास के नाम से पहचाने जाते हैं। सनातन संस्कृति के प्रति आस्था और ग्रामीण जीवन को करीब से समझने के लिए वे रीवा पहुंचे हैं। रोजाना संस्कृत के श्लोकों का पाठ, हिंदी में पूजा-पाठ और भगवान शिव, श्रीराम व हनुमान के प्रति श्रद्धा उनकी दिनचर्या का हिस्सा है। वे सात्विक जीवन और शुद्ध शाकाहारी भोजन अपनाते हुए भारत में स्थायी रूप से बसने की इच्छा जता रहे हैं।
ऋषिकेश की मुलाकात से रीवा का सफर
श्याम दास की मुलाकात ऋषिकेश में रीवा के निवासी कुलदीप से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती के बाद कुलदीप के निमंत्रण पर श्याम दास रीवा आए। उनका उद्देश्य केवल शहर घूमना नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश के गांवों को करीब से देखना और ग्रामीण संस्कृति को समझना था।
ग्रामीण परिवेश और बघेली का संवाद
रीवा में श्याम दास स्थानीय संस्कृति, रीति-रिवाजों और रहन-सहन के बीच समय बिता रहे हैं। गांव में मिट्टी के आंगन में चलते हुए उन्होंने अपने अनुभव साझा किए। मित्र कुलदीप के अनुसार, श्याम दास ने बताया कि अमेरिका में इस तरह मिट्टी और प्राकृतिक वातावरण का अनुभव लेने के लिए पैसे खर्च करने पड़ते हैं, जबकि यहां गांवों में यह सहज रूप से उपलब्ध है।
अंग्रेजी बोलने वाले श्याम दास अब बघेली में भी संवाद कर रहे हैं और स्थानीय लोगों को बघेली में प्रणाम कर अभिवादन कर रहे हैं। उनकी भाषा, पहनावा और सनातन संस्कृति के प्रति जुड़ाव को लेकर स्थानीय लोग चर्चा कर रहे हैं। रीवा के गांवों की परंपरा और लोगों के व्यवहार से प्रभावित होकर वे भारत को अपना स्थायी घर बनाना चाहते हैं।