ऋषभ पंत ने उत्तराखंड शिफ्ट होने के लिए मांगी जमीन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा

Share

- Advertisement -

Dehradun News: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत दिल्ली छोड़कर वापस उत्तराखंड में बसना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देर रात करीब एक बजे पोस्ट साझा कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से जमीन दिलवाने में मदद की गुहार लगाई है।

पंत की इस पोस्ट पर मुख्यमंत्री धामी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है। पंत इस समय भारतीय टीम के साथ टेस्ट सीरीज खेलने श्रीलंका दौरे पर गए हुए हैं। देर रात की गई इस पोस्ट के समय और भाषा को लेकर फैंस चिंता जता रहे हैं।

सोशल मीडिया पर अंग्रेजी में लिखी पोस्ट में पंत ने अपनी परेशानी साझा की। उन्होंने लिखा, “हैलो पुष्कर धामी सर। आप कैसे हैं? मैं लंबे समय से उत्तराखंड का लोकल शख्स हूं। मैं दिल्ली से उत्तराखंड शिफ्ट होना चाहता हूं और मुझे इसके लिए अच्छी और बड़ी जमीन नहीं मिल रही जहां मैं रह सकूं। मैं अपने उत्तराखंड से बेहद प्यार करता हूं। मेरी आपसे अपील है कि मुझे जमीन दिलवाने में मदद करें क्योंकि आज के समय में जमीन मिलना बहुत मुश्किल हो गया था। वहीं मुझे कुछ और जमीन भी मिलनी थी जो नहीं मिली हैं। मुझे ये जमीन उत्तराखंड को प्रमोट करने के लिए मिलनी थीं। मैं अपने पहाड़ी लोगों के साथ शिफ्ट होना चाहता हूं। कृपया इस मामले को देखें। तीन साल हो गए हैं और मुझे जमीन नहीं मिली है।”

एक अन्य पोस्ट में क्रिकेटर पंत ने आगे लिखा, “अपने राज्य से देश का उच्च स्तर पर प्रतिनिधित्व करने के लिए गिफ्ट मिलना अच्छा होगा, लेकिन अगर आप चाहें तो मैं सरकार से जमीन खरीद भी सकता हूं। कम से कम मेरा अपने राज्य में घर तो होगा।”

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंत की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए अधिकारियों को कार्रवाई के आदेश दिए हैं। उन्होंने लिखा, “प्रिय ऋषभ, आप उत्तराखंड के गौरव हैं। आपने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। अपनी मातृभूमि के प्रति आपका यह प्रेम और यहां वापस आकर योगदान देने की भावना अत्यंत सराहनीय है। आपके द्वारा उठाए गए विषय के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है। वे शीघ्र ही आपसे संपर्क कर नियमानुसार हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे।”

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News