Bengaluru News: भारतीय क्रिकेट टीम इस समय खिलाड़ियों की चोटों की गंभीर समस्या से जूझ रही है। टीम के रोडमैप में शामिल कुल 13 प्रमुख खिलाड़ी एक साथ चोटिल होकर बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपना इलाज करा रहे हैं। बीसीसीआई की मेडिकल टीम सभी की वापसी के लिए काम कर रही है।
स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या के अलावा नितिश कुमार रेड्डी, साई सुदर्शन, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और वॉशिंगटन सुंदर बेंगलुरु में मेडिकल देखभाल में हैं। इनके साथ ही आकाशदीप, हिमांशु सिंह, अशोक शर्मा, सुयाश शर्मा, युद्धवीर सिंह और रियान पराग जैसे युवा खिलाड़ी भी रिहैब से गुजर रहे हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे से बाहर होने के बाद जसप्रीत बुमराह 30 जुलाई को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंचे थे। बाएं घुटने के जोड़ में समस्या के कारण वे श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी मैदान पर वापसी की कोई तारीख अभी तय नहीं हो पाई है।
हार्दिक पंड्या की बाईं जांघ की चोट में सुधार हुआ था और वे 80 से 90 प्रतिशत स्पीड से गेंदबाजी कर रहे थे, लेकिन फिर दाहिने शिन में दर्द की शिकायत हुई। जांच में कोई गंभीर बात नहीं पाई गई और उनकी रनिंग ट्रेनिंग दोबारा शुरू करा दी गई है।
ऑलराउंडर नितिश कुमार रेड्डी जांघ की चोट से उबरकर स्किल ट्रेनिंग स्टेज में पहुंच चुके हैं और उन्होंने गेंदबाजी का अभ्यास भी किया है। वहीं साई सुदर्शन ने नेट्स पर 75 मिनट बल्लेबाजी की है, लेकिन पैर के अंगूठे में दर्द के कारण एमआरआई के जरिए उनकी आगे की स्थिति तय होगी।
हर्षित राणा और वॉशिंगटन सुंदर दोनों ही दाहिनी हैमस्ट्रिंग की चोट से परेशान हैं और 20 जुलाई को बेंगलुरु पहुंचे थे। दोनों खिलाड़ी अपनी स्ट्रेंथ, बैलेंस और कंडीशनिंग पर काम कर रहे हैं। वरुण चक्रवर्ती भी बाईं हैमस्ट्रिंग की चोट के चलते मुश्किल ट्रेनिंग से गुजर रहे हैं।
तेज गेंदबाज आकाशदीप पीठ के निचले हिस्से में स्ट्रेस फ्रैक्चर के बाद अब वापसी के अंतिम दौर में हैं। हिमांशु सिंह घुटने की चोट से उबरकर गेंदबाजी शुरू कर चुके हैं। अशोक शर्मा की पीठ और पसली में फ्रैक्चर है, जिसके लिए न्यूजीलैंड के विशेषज्ञ डॉक्टर की मदद ली गई है।
स्पिनर सुयश शर्मा के दोनों घुटनों में टेंडिनोपैथी की समस्या के चलते पीआरपी इंजेक्शन दिया गया है। दूसरी ओर युद्धवीर सिंह कंधे की चोट से उबर रहे हैं, जबकि ऑलराउंडर रियान पराग दाएं कंधे की सर्जरी कराने के बाद डॉक्टर्स की निगरानी में कंडीशनिंग प्रोग्राम पूरा कर रहे हैं।