Kapal Mochan News: गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री कपाल मोचन साहिब में माथा टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया। उन्होंने पवित्र सरोवर से जल ग्रहण करने के बाद गुरुद्वारा पातशाही दसवीं में भी नतमस्तक होकर पंजाब की खुशहाली और मानवता की चढ़दी कला के लिए अरदास की।
ढिल्लों ने गुरुद्वारा परिसर में लगी ऐतिहासिक प्रदर्शनी देखी और इस पवित्र स्थल के इतिहास से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। गुरुद्वारा प्रबंधकों ने उन्हें विशेष रूप से सम्मानित भी किया।
ढिल्लों ने कहा कि गुरु साहिबान की चरण-छोह प्राप्त इस ऐतिहासिक स्थल पर माथा टेकना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि कपाल मोचन साहिब हिंदू-सिख भाईचारे, सांझा विरासत और आपसी सद्भाव का प्रतीक है तथा लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है।
ढिल्लों ने संगत की सुविधा के लिए हरियाणा सरकार और स्थानीय प्रशासन की ओर से किए गए प्रबंधों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का धन्यवाद किया।