Lucknow News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में कहा कि देश के राष्ट्रीय प्रतीकों, महापुरुषों, राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का अपमान अब बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने काकोरी ट्रेन कार्रवाई के 101 साल पूरे होने पर भव्य तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया और देशवासियों से राष्ट्र रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “हम सभी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आभारी हैं, जिन्होंने भारत के राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान बढ़ाने के लिए कदम उठाए और इनके अपमान को संज्ञेय अपराध की श्रेणी में लाकर राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत की गरिमा बढ़ाई। अब ऐसा नहीं चलेगा कि लोग भारत में रहें और देश के राष्ट्रीय प्रतीकों, महापुरुषों, राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का अपमान करें।”
यह तिरंगा यात्रा मुख्यमंत्री आवास 5 कालिदास मार्ग से शुरू होकर विधान भवन तक निकाली गई। यात्रा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक समेत हजारों लोग शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा राष्ट्रीय ध्वज भारत की सादगी, विकास, विरासत और इसकी आन, बान एवं शान का सबसे बड़ा प्रतीक है।
आदित्यनाथ ने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और सीमा पर शहीद हुए जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा, “आज काकोरी ट्रेन कार्रवाई की 101वीं वर्षगांठ है। इस अवसर पर भाजपा महान क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने के लिए देशभर में तिरंगा यात्रा निकाल रही है।” इस दौरान उन्होंने अमर शहीदों को याद किया।
मुख्यमंत्री ने पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह और अशफाक उल्लाह खान के ऐतिहासिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि 1925 की काकोरी घटना ने अंग्रेजी हुकूमत की जड़ें हिला दी थीं। यह यात्रा शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त करने और पीएम मोदी के ‘राष्ट्र प्रथम’ मंत्र को आगे बढ़ाने का एक संकल्प है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह साल बेहद खास है क्योंकि देश राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ मना रहा है। हमारे युवाओं में हर चुनौती का सामना करने की अद्भुत क्षमता है। इस युवा ऊर्जा को सही मंच मिलना चाहिए। ताकि युवा खुद को आगे बढ़ाकर देश के निर्माण में अहम भूमिका निभा सकें।
तिरंगा यात्रा में भारी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे तक 25,000 से अधिक युवा जमा हो चुके थे और जल्द ही यह संख्या 30,000 पार कर गई। उन्होंने सभी नागरिकों से आगामी 15 अगस्त को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।