भाजपा के बड़े भाई बनने से बढ़ी सुखबीर बादल की उम्मीद, क्या अब मिलेगा पंजाब के मुख्यमंत्री का पद?

Share

- Advertisement -

Chandigarh News: आठ साल उप मुख्यमंत्री रहने के बाद सत्ता से बाहर हुए सुखबीर सिंह बादल के सियासी सफर में भाजपा से गठबंधन ने नया मोड़ ला दिया है। 24 नवंबर को गठबंधन की घोषणा करते हुए अमित शाह ने कहा कि अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और बड़े भाई की भूमिका निभाने वाला ही मुख्यमंत्री बनेगा।

पंजाब की राजनीति में सुखबीर सिंह बादल का सियासी सफर सत्ता, संघर्ष, विवाद और वापसी की कोशिशों से भरा रहा है। 2009 से 2017 तक आठ साल उपमुख्यमंत्री रहने के बाद 2017 में सत्ता से बाहर हुए सुखबीर के सामने अपनी पार्टी को दोबारा खड़ा करने की चुनौती थी। कांग्रेस के बाद आम आदमी पार्टी की सरकार बनने और लगातार चुनावी हार के बावजूद उन्होंने शिरोमणि अकाली दल पर अपनी पकड़ कमजोर नहीं होने दी।

अब छह साल बाद भाजपा के साथ दोबारा गठबंधन ने उनके राजनीतिक सफर को नया मोड़ दे दिया है। पिता स्वर्गीय प्रकाश सिंह बादल के निधन के बाद अकाली दल की राजनीतिक विरासत और नेतृत्व की पूरी जिम्मेदारी सुखबीर के कंधों पर आ गई। हालांकि, पार्टी के कमजोर होते जनाधार के साथ उनके नेतृत्व पर भी सवाल उठने लगे।

2022 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल महज तीन सीटों पर सिमट गया और सुखबीर खुद जलालाबाद से चुनाव हार गए। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी पार्टी केवल एक सीट जीत सकी। इस दौरान वरिष्ठ नेताओं की नाराजगी बढ़ी और जुलाई 2024 में गुरप्रताप सिंह वडाला के नेतृत्व में अकाली दल सुधार लहर के नाम से अलग धड़ा सामने आया।

2024: जब तनखैया हुए घोषित

सुखबीर के लिए सबसे बड़ा संकट अगस्त 2024 में आया, जब श्री अकाल तख्त साहिब ने उन्हें तनखैया घोषित कर दिया। इसके बाद नवंबर 2024 में उन्होंने पार्टी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। जनवरी 2025 में पार्टी की वर्किंग कमेटी ने उनका इस्तीफा स्वीकार किया, लेकिन अप्रैल 2025 में वह दोबारा सर्वसम्मति से अकाली दल के अध्यक्ष चुन लिए गए।

इससे साफ हुआ कि तमाम विरोध के बावजूद पार्टी संगठन में उनकी पकड़ कायम है। इस बीच सुखबीर पर दो बार जानलेवा हमले भी हुए। दिसंबर 2024 में अमृतसर स्थित श्री हरिमंदिर साहिब के बाहर सेवा करते समय उन पर गोली चलाई गई, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। अगस्त 2026 में महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुद्वारे के बाहर उन पर किरपान से हमला हुआ, जिसमें वह घायल हो गए।

अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा

अब भाजपा के साथ गठबंधन ने सुखबीर की राजनीतिक संभावनाओं को नई मजबूती दी है। 24 नवंबर को गठबंधन की घोषणा करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्पष्ट किया कि अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और बड़े भाई की भूमिका निभाने वाला ही मुख्यमंत्री बनेगा।

यह बयान सुखबीर की मुख्यमंत्री पद की दावेदारी के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। सुखबीर के सामने अब 2027 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल का पुराना जनाधार वापस लाने और पार्टी को सत्ता तक पहुंचाने की चुनौती है। सवाल यह है कि क्या भाजपा का साथ उनके लिए सत्ता में वापसी का रास्ता खोलेगा और क्या वह एक बार फिर मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंच पाएंगे?

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News