Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी गुरुवार 26 नवंबर को संविधान दिवस के दिन अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी करेगी। पार्टी ने इसे ‘जन-मन घोषणा पत्र’ नाम दिया है, जिसे ‘सत्ताइस का संकल्प: पीडीए का प्रण पत्र’ भी कहा गया है। इसमें महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने का एलान हो सकता है।
उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन की सीटों की संख्या को लेकर मचे बवाल के बीच समाजवादी पार्टी अगले कदम की ओर बढ़ रही है। पार्टी गुरुवार 26 नवंबर को संविधान दिवस पर अपना घोषणा पत्र जारी करेगी। खबर के मुताबिक, पार्टी का जन-मन घोषणा पत्र तीन श्रेणियों में होगा। इसमें पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यकों के साथ-साथ आम जनता के मुद्दों पर फोकस रहेगा।
तीन अलग-अलग श्रेणियों में घोषणा पत्र
समाजवादी पार्टी का ‘जन-मन घोषणा पत्र’ तीन श्रेणियों में होगा। इस घोषणा पत्र को ‘जन-मन घोषणा पत्र’ और ‘सत्ताइस का संकल्प: पीडीए का प्रण पत्र’ नाम दिया गया है। यह मुख्य रूप से पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के साथ-साथ आम जनता के मुद्दों पर केंद्रित होगा। इसके तीन स्तर तय हैं — राज्य-स्तरीय घोषणा पत्र, जिला-स्तरीय घोषणा पत्र और राजधानी लखनऊ का घोषणा पत्र।
राज्य-स्तरीय घोषणा पत्र में पूरे उत्तर प्रदेश के लिए मुख्य विजन और बड़े चुनावी वादे होंगे। जिला-स्तरीय घोषणा पत्र प्रदेश के सभी 75 जिलों की स्थानीय समस्याओं, विकास और जरूरतों पर केंद्रित होगा। राजधानी लखनऊ के लिए विशेष घोषणा पत्र में लखनऊ के शहरी विकास, बुनियादी ढांचे और स्थानीय मुद्दों को संबोधित किया जाएगा।
लखनऊ के लिए होगा खास वादा
लखनऊ के लिए ट्रैफिक जाम से मुक्ति का वादा भी होगा। नए फ्लाईओवर ब्रिज, बेहतर स्वास्थ्य सुविधा और शिक्षा का वादा होगा। इस घोषणा पत्र में महिलाओं के लिए 40,000 रुपये सालाना घोषणा होगी, पात्र कौन होगा इसकी जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जाएगी। युवाओं के लिए भी अहम घोषणा होंगी।
खबर के मुताबिक, समाजवादी पार्टी गुरुवार को तीन बजे अपनी पार्टी का घोषणा पत्र जारी करेगी। घोषणा पत्र जारी होने के बाद ही इसके सभी वादों की पूरी जानकारी सामने आएगी।