Russia News: रूस के युक्रेन पर हमले के बाद से 1,000 से ज्यादा रूसी सैनिक आत्महत्या कर चुके हैं। स्वतंत्र रूसी संस्थाओं व्योर्स्तका और मीडियाज़ोना की संयुक्त जांच में फरवरी 2022 से जुलाई 2025 के बीच कम से कम 1,099 सैनिकों की आत्महत्या के मामले सामने आए हैं। जांच के मुताबिक असली आंकड़ा इससे कहीं ज्यादा हो सकता है।
यह जांच खुले स्रोतों के रिकॉर्ड पर आधारित है, जिनमें शोक संदेश, अदालत के फैसले और सोशल मीडिया पोस्ट शामिल हैं। जांच में 2,000 और मौतें ऐसी मिलीं, जिनकी परिस्थितियां आत्महत्या की ओर इशारा करती थीं, लेकिन उनकी पुष्टि नहीं हो सकी। जांचकर्ताओं का कहना है कि कई मौतें दर्ज ही नहीं होतीं या उन्हें दूसरी वजहों से दर्ज किया जाता है, इसलिए ये आंकड़े असली संख्या से काफी कम हो सकते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक रूसी सैनिकों ने खुद को नुकसान पहुंचाने के दूसरे तरीके भी अपनाए हैं। मोर्चे पर लौटने से बचने के लिए कम से कम 1,000 सैनिकों ने खुद की टांग में गोली मारने के मामले सामने आए हैं। जांच में यह भी पाया गया कि आत्महत्या गैर-लड़ाकू मौतों में से हर दस में से एक मौत की वजह रही।
गैर-लड़ाकू मौतों का आंकड़ा
युद्ध शुरू होने से जुलाई 2025 के बीच कम से कम 11,000 सैनिकों की मौत लड़ाई के अलावा अन्य परिस्थितियों में हुई, जिनमें दुर्घटनाएं, बीमारी और हिंसक घटनाएं शामिल हैं। साल 2025 में अब तक 2,700 गैर-लड़ाकू मौतें हो चुकी हैं, जो अब तक का सबसे घातक साल है। इसके बाद 2024 में 2,400, 2023 में 2,000 और 2022 में 2,300 मौतें दर्ज हुईं।
रूस की जांच समिति ने 2024 में युद्ध में शामिल सैन्यकर्मियों और पूर्व सैनिकों के बीच 9,000 से ज्यादा आत्महत्या के मामले दर्ज किए थे। व्योर्स्तका और मीडियाज़ोना ने पूर्व सैनिकों के बीच 4,000 आत्महत्याएं पहचानी हैं, जबकि विशेषज्ञों का मानना है कि असली संख्या इससे भी ज्यादा है। रूसी अखबार इज़वेस्टिया की 2024 की जांच में कहा गया था कि उस साल करीब 7,000 रूसी सैनिकों की मौत गैर-लड़ाकू घटनाओं में हुई, जिनमें 3,000 से ज्यादा मौतें हथियारों के गलत इस्तेमाल से हुईं।
आत्महत्या के पीछे क्या कारण
जांच में पाया गया कि सैनिक लगातार लड़ाई के तनाव, उम्मीद खोने और युद्ध की निरर्थकता के एहसास के कारण आत्महत्या की ओर बढ़े। मोर्चे से लौटने वाले सैनिक भी आघात, चोटों और सामान्य जीवन में लौटने की मुश्किलों से जूझते रहे, अक्सर बिना पर्याप्त मनोवैज्ञानिक मदद के। कई सैनिकों को बिना पर्याप्त तैयारी और मानसिक स्वास्थ्य सहायता के मोर्चे पर भेजा गया।
रिपोर्ट में कहा गया है कि रूसी सेना सैनिकों को पर्याप्त मनोवैज्ञानिक सहायता नहीं देती, जिससे वे आघात और मौत के लगातार खतरे से अकेले जूझते हैं। इकाइयों के भीतर रैगिंग, हिंसा और धमकाने की घटनाएं भी मानसिक तनाव बढ़ाती हैं। जांच के मुताबिक आत्महत्या के कई मामले युवा सैनिकों से जुड़े हैं, जिन्हें हाल ही में तैनात किया गया था या जो दोबारा मोर्चे पर लौटने वाले थे।
अमेरिकी रक्षा खुफिया एजेंसी ने पहले कहा था कि रूसी सेना में आत्महत्या की दर ‘बड़े पैमाने’ पर है और लड़ाई से ज्यादा सैनिक आत्महत्या से मारे गए हैं। युक्रेनी अधिकारियों ने भी कहा है कि रूसी सैनिक अक्सर घायल होने के बाद खुद को गोली मार लेते हैं। फरवरी 2022 में शुरू हुए रूस के हमले में अब तक हजारों सैनिक मारे जा चुके हैं और देश के बड़े हिस्से में भारी तबाही हुई है।