Ambala News: हरियाणा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व मंत्री और चार बार के विधायक फूल चंद मुलाना का 85 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। किडनी की बीमारी से जूझ रहे मुलाना ने मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में अंतिम सांस ली और उनका अंतिम संस्कार मुलाना में ही किया जाएगा।
राजनीतिक सफर और योगदान
फूल चंद मुलाना अंबाला जिले के मुलाना विधानसभा क्षेत्र से चार बार (1972, 1982, 1991 और 2005) विधायक चुने गए थे। वह कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे और हरियाणा में कांग्रेस के सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रहने का गौरव भी उन्हें हासिल हुआ। उनके बेटे वरुण मुलाना मौजूदा समय में कांग्रेस सांसद हैं।
निधन की सूचना देते हुए सांसद बेटे वरुण मुलाना ने कहा कि आज हमारे नेता और मेरे पिता चौधरी फूल चंद मुलाना जी नहीं रहे।
दीपेंद्र हुड्डा ने जताया शोक
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने फूल चंद मुलाना के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधान जी हमसे दूर चले गए। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हमारे परिवार के बड़े, वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व मंत्री और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष चौ. फूल चंद मुलाना जी के निधन की खबर दुःखद है।
उन्होंने कहा कि मुलाना ने अपना संपूर्ण जीवन सादगी के साथ जनसेवा में समर्पित कर दिया। प्रदेश के विकास में उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा और उनके जाने से एक अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने ईश्वर से पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिवारजनों को यह कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
रणदीप सुरजेवाला ने किया याद
हरियाणा से कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने सोशल मीडिया पर लिखा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व मंत्री, श्री फूल चंद मुलाना के निधन की खबर से दिल व्यथित है। उन्होंने इसे हरियाणा में कांग्रेस पार्टी के लिए भारी क्षति बताया और कहा कि समाज के वंचितों के लिए उनका योगदान सदा स्मरण किया जाएगा।
सुरजेवाला ने लिखा कि मेरे पिता, स्वर्गीय चौधरी शमशेर सिंह सुरजेवाला के साथ उनकी स्मृतियाँ सदा याद आयेंगी। उन्होंने कहा कि उन्हें व्यक्तिगत तौर से मुलाना के साथ लंबे समय तक संगठन व सरकार में काम करने का मौका मिला और उनका मृदुभाषी व्यक्तित्व व सदा मुस्कुराने का चरित्र उनकी सरलता का परिचायक था।