Ambedkarnagar News: पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि वह शिवपाल यादव को लगातार किनारे कर रहे हैं। राजभर ने कहा कि कांग्रेस-सपा टिकट बंटवारे की पांच सदस्यीय कमेटी हो या राममनोहर लोहिया ट्रस्ट, हर जगह चाचा को किनारे किया जा रहा है और पार्टी भी इसे स्वीकार कर रही है।
जागरण संवाददाता के अनुसार, मंत्री ने मंगलवार को अंबेडकरनगर के न्यू सर्किट हाउस में एक न्यूज एजेंसी से वार्ता करते हुए कहा कि बच्चा चच्चा को बार-बार गच्चा दे रहा है। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव के बाद अगर किसी दूसरे नेता ने समाजवादी पार्टी को ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है तो वह शिवपाल यादव हैं। इसके बावजूद अखिलेश यादव उन्हें किनारे लगाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
आजम खां और ओवैसी की बयानबाजी पर भी बोले
सपा नेता आजम खां और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बीच जारी बयानबाजी पर भी राजभर ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि आजम खां मुसलमानों को शिक्षा, रोजगार और नौकरी के क्षेत्र में आगे बढ़ते नहीं देखना चाहते, जबकि ओवैसी शिक्षा, रोजगार, बेहतर स्वास्थ्य और अमन-चैन की बात कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खां मुसलमानों को नफरत की राजनीति के रास्ते पर रखना चाहते हैं। मंत्री ने कहा कि अब मुस्लिम समाज में भी यह भावना विकसित हो रही है कि भाजपा के खिलाफ सपा और कांग्रेस सहित अन्य दलों की ओर से फैलाया जाने वाला नफरत का संदेश वास्तविकता नहीं है।
राजभर ने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास की नीति पर काम करती है और सरकार की योजनाओं में बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों को बराबर लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग भी भाजपा का साथ देने के लिए तैयार हैं और अब मुस्लिम समाज को नफरत नहीं, बल्कि विकास और बेहतर भविष्य की राजनीति चाहिए।