Dhanbad News: कोहरे के मौसम को देखते हुए रेल मंत्रालय ने धनबाद रेल मंडल सहित विभिन्न रेल मार्गों से गुजरने वाली कई ट्रेनों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। एक दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक कई ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, कुछ आंशिक रूप से रद्द होंगी और कई ट्रेनों के परिचालन दिनों में कटौती की जाएगी।
वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं वरीय जनसंपर्क अधिकारी मनीष सौरभ ने बताया कि कोहरे के मौसम में ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले संबंधित ट्रेन के परिचालन की स्थिति और निर्धारित तिथियों की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
संतरागाछी-आनंद विहार एक्सप्रेस पूरी तरह रद्द
रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, इस अवधि में संतरागाछी-आनंद विहार सुपरफास्ट एक्सप्रेस की दोनों दिशाओं की सेवाएं रद्द रहेंगी। गाड़ी संख्या 22857 संतरागाछी-आनंद विहार सुपरफास्ट एक्सप्रेस 7 दिसंबर 2026 से 22 फरवरी 2027 तक तथा गाड़ी संख्या 22858 आनंद विहार-संतरागाछी सुपरफास्ट एक्सप्रेस 8 दिसंबर 2026 से 23 फरवरी 2027 तक नहीं चलेगी।
त्रिवेणी एक्सप्रेस के परिचालन दिनों में कटौती
त्रिवेणी एक्सप्रेस, अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस और कोलकाता-अमृतसर एक्सप्रेस सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के परिचालन दिनों में भी कटौती की गई है। गाड़ी संख्या 15073 सिंगरौली-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस 17 दिसंबर से 11 फरवरी तक प्रत्येक गुरुवार को रद्द रहेगी।
वहीं, गाड़ी संख्या 15075 शक्तिनगर-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस 16 दिसंबर से 14 फरवरी तक बुधवार और रविवार को नहीं चलेगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 15074 टनकपुर-सिंगरौली त्रिवेणी एक्सप्रेस 16 दिसंबर से 14 फरवरी तक प्रत्येक बुधवार तथा गाड़ी संख्या 15076 टनकपुर-शक्तिनगर त्रिवेणी एक्सप्रेस 15 दिसंबर से 13 फरवरी तक मंगलवार और शनिवार को रद्द रहेगी।
अजमेर-सियालदह और कोलकाता-अमृतसर एक्सप्रेस
गाड़ी संख्या 12988 अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस 1 दिसंबर 2026 से 27 फरवरी 2027 तक मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को नहीं चलेगी। जबकि गाड़ी संख्या 12987 सियालदह-अजमेर एक्सप्रेस 2 दिसंबर से 28 फरवरी तक बुधवार, शुक्रवार और रविवार को रद्द रहेगी। गाड़ी संख्या 12357 कोलकाता-अमृतसर एक्सप्रेस 5 दिसंबर से 27 फरवरी तक प्रत्येक शनिवार तथा गाड़ी संख्या 12358 अमृतसर-कोलकाता दुर्ग्याणा एक्सप्रेस 7 दिसंबर से 1 मार्च 2027 तक प्रत्येक गुरुवार को नहीं चलेगी।
चंबल एक्सप्रेस आंशिक रूप से प्रभावित
वहीं, चंबल एक्सप्रेस का परिचालन भी आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा। गाड़ी संख्या 12177 हावड़ा-मथुरा चंबल एक्सप्रेस 4 दिसंबर 2026 से 26 फरवरी 2027 तक आगरा कैंट और मथुरा के बीच रद्द रहेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 12178 मथुरा-हावड़ा चंबल एक्सप्रेस 7 दिसंबर से 22 फरवरी 2027 तक मथुरा और आगरा कैंट के बीच नहीं चलेगी।