Noida News: इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) वित्त वर्ष 2026-27 में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में 490 किलोमीटर लंबी नई पीएनजी पाइपलाइन बिछाएगी। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से क्षेत्र के करीब 86,000 घरों की रसोई में सीधे पाइप के जरिए प्राकृतिक गैस की सप्लाई शुरू हो जाएगी और सिलिंडर बुकिंग व वेटिंग का झंझट खत्म होगा।
डिजिटल डेस्क के अनुसार, एलपीजी सिलिंडर खत्म होने की चिंता और रीफिलिंग के लंबे इंतजार से जूझ रहे एनसीआर के हजारों परिवारों के लिए यह बड़ी राहत की खबर है। पिछले वित्त वर्ष में कंपनी ने इन दोनों जिलों में महज 180 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई थी, ऐसे में इस बार का लक्ष्य करीब तीन गुना रखा गया है।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के इन गांवों व सेक्टरों को सीधा लाभ
गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा और ग्रेटर नोएडा में करीब 190 किलोमीटर लंबी नई लाइन बिछाकर 48,000 परिवारों को कनेक्शन देने का खाका तैयार किया गया है। कंपनी ने इसके लिए प्रमुख रिहायशी सेक्टरों और शहरी गांवों को चिह्नित कर लिया है। पहले चरण में नोएडा के सेक्टर-73 स्थित सर्फाबाद, सेक्टर-49 के बरौला, सलारपुर, हाजीपुर, होशियारपुर और छिजारसी को जोड़ा जाएगा। ग्रेटर नोएडा के जलपुरा, चिपियाना, छपरौला और अमीनाबाद में भी लाइन बिछाई जाएगी। अकेले इन चुनिंदा इलाकों में 100 किलोमीटर की पाइपलाइन से करीब 25,000 घरों को गैस मिल सकेगी। तकनीकी मंजूरी और एनओसी मिलते ही सेक्टर एमयू-2, रोजा याकूबपुर, जेवर की आरआर कॉलोनी और सेक्टर थीटा-2 में भी काम शुरू कर दिया जाएगा।
गाजियाबाद में 300 किलोमीटर नेटवर्क से जुड़ेंगे 38 हजार घर
गाजियाबाद में 300 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाकर करीब 38,000 घरों को पीएनजी नेटवर्क से जोड़ने का लक्ष्य है। इस विस्तार योजना में राजनगर एक्सटेंशन, गोविंदपुरम, लोनी, राजेंद्र नगर, सिद्धार्थ विहार, हापुड़, मोदीनगर, विजयनगर, डासना, मुरादनगर, मोरटा, करहेड़ा और मोरटी गांव जैसे प्रमुख इलाकों को शामिल किया गया है। कंपनी का अनुमान है कि चरणबद्ध विस्तार के जरिए इन क्षेत्रों में करीब 20,000 नए कनेक्शन तत्काल प्रभाव से जारी किए जा सकेंगे।
एनओसी को लेकर अथॉरिटी व आईजीएल में खींचतान
प्रोजेक्ट को समय पर पूरा करने के लिए आईजीएल ने अपने बजट, ठेकेदारों और मैनपावर में इजाफा किया है। बिल्डरों व आरडब्ल्यूए से लगातार संपर्क साधा जा रहा है। हालांकि, विभिन्न सरकारी एजेंसियों से एनओसी मिलने में हो रही देरी काम की रफ्तार में रोड़ा बन रही है। इस मुद्दे पर नोएडा अथॉरिटी का कहना है कि अथॉरिटी के स्तर पर कोई भी मंजूरी लंबित नहीं है और आवेदन मिलते ही तुरंत अनुमति दी जाती है। अथॉरिटी ने चिंता जताते हुए कहा कि पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों और जमीन को लंबे समय तक खुला छोड़ दिया जाता है, जिससे मिट्टी का कटाव होता है और अन्य विभागों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है।
लास्ट माइल कनेक्टिविटी के लिए नियमों में ढील की मांग
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के दोनों जिलों में अब तक करीब 9.65 लाख उपभोक्ताओं को पीएनजी से जोड़ चुकी आईजीएल का फोकस अब उन इलाकों पर भी है, जहां मुख्य पाइपलाइन पहले से मौजूद है लेकिन लोग कनेक्शन नहीं ले पाए हैं। कंपनी ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य लाइन से घर के भीतर तक जाने वाले 5 से 10 मीटर के छोटे कनेक्शन यानी लास्ट माइल कनेक्टिविटी के लिए बार-बार अनुमति लेने के बजाय एकमुश्त या ब्लैंकेट परमिशन दी जाए। कंपनी का मानना है कि कागजी प्रक्रिया सरल होने से आम नागरिकों को जल्द से जल्द सुरक्षित और किफायती रसोई गैस मिल सकेगी।