New Delhi News: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के बाहर धरना देने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तीखी आलोचना की है। उन्होंने इस कदम को निंदनीय और भारतीय राजनीति के इतिहास में एक ‘काला दिन’ करार दिया।
नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के अन्य नेताओं ने देश में अराजकता फैलाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री आवास के बाहर यह धरना आयोजित किया। उन्होंने विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर भी निशाना साधा।
अराजकता फैलाने का आरोप, बीजीपी अध्यक्ष ने साधा निशाना
भाजपा अध्यक्ष ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि राहुल गांधी का यह व्यवहार पूरी तरह से अशोभनीय और निंदनीय था। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह लोकतांत्रिक असहमति जताने की राजनीति नहीं, बल्कि सीधे तौर पर अराजकता फैलाने वाली राजनीति का हिस्सा था।
उल्लेखनीय है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई नेताओं ने पीएम आवास के बाहर धरना दिया था। विपक्षी नेता नीट प्रश्नपत्र लीक मामले में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
पुलिस ने नेताओं को हिरासत में लेकर धरना खत्म कराया
धरने के दौरान पीएमओ में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन के साथ राहुल गांधी से मुलाकात की। अधिकारियों ने उनसे धरना खत्म करने का अनुरोध किया, लेकिन विपक्षी नेताओं ने इससे इनकार कर दिया और अपना विरोध जारी रखा।
इसके बाद सुरक्षा स्थिति को देखते हुए पुलिस ने विपक्षी नेताओं को जबरन उस जगह से हटाया और हिरासत में ले लिया। इस पूरी घटना के बाद से ही पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग काफी तेज हो गई है।