नीट पेपर लीक मामले में कांग्रेस नेता कुलदीप सिंह राठौर का केंद्र सरकार पर हमला, उठाई निष्पक्ष जांच की मांग

Share

- Advertisement -

Shimla News: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता और ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने नीट पेपर लीक मामले में केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी नैतिक जिम्मेदारी निभाने में विफल रही है और निष्पक्ष जांच के नाम पर केवल लीपापोती की जा रही है।

शुक्रवार को शिमला स्थित राजीव भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राठौर ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पुलिस कार्रवाई से साफ जाहिर होता है कि केंद्र सरकार को युवाओं के भविष्य की बिल्कुल चिंता नहीं है।

प्रधानमंत्री के संदेश और संसद में बयान पर उठाए सवाल

राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोशल मीडिया संदेश से कोई ठोस फैसला आने की उम्मीद थी। हालांकि प्रधानमंत्री ने केवल फास्ट ट्रैक कोर्ट की बात की। उन्होंने आंदोलन में घायल छात्रों पर कोई संवेदना नहीं जताई। राठौर के मुताबिक प्रधानमंत्री को इस संवेदनशील मुद्दे पर सीधे संसद में बयान देना चाहिए था।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लंबे समय तक इस मामले पर चुप रही और देशव्यापी आंदोलन के बाद जा कर अपनी प्रतिक्रिया दी। बार-बार होते पेपर लीक से प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठे हैं। इससे अभ्यर्थियों का परीक्षा प्रणाली से भरोसा टूटता जा रहा है, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और केस वापसी की मांग

राठौर ने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी छात्रों की आवाज मजबूती से उठा रहे हैं। यह किसी पार्टी का नहीं, बल्कि करोड़ों युवाओं का मुद्दा है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री को पद से हटाने, पुलिस कार्रवाई की जांच करने और आंदोलनकारी छात्रों पर दर्ज केस वापस लेने की मांग की।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News