Kerala News: केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने कहा है कि माता-पिता की संपत्ति लेने के बाद उनकी उपेक्षा या उनसे दुर्व्यवहार करने वाले बच्चों को तीन साल की जेल होगी। राज्य विधानसभा ने बुजुर्गों की देखभाल और सुरक्षा के लिए अक्तूबर में एक नया विधेयक पारित किया है, जिसमें यह प्रावधान रखा गया है।
यह विधेयक अक्तूबर में पारित हुआ था। उन्होंने यह बात सोमवार को कही। वह यहां पथानापुरम के गांधी भवन में बुजुर्ग पुरुषों के लिए बने आधुनिक आवासीय केंद्र का उद्घाटन कर रहे थे। इस केंद्र के निर्माण पर 20 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इसका नाम पितृमंदिरम है।
मुख्यमंत्री ने कहा, सत्ता में आने के बाद संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार ने सबसे पहला फैसला बुजुर्गों के लिए अलग विभाग बनाने का लिया था। यह देश में अपनी तरह का पहला विभाग है। उन्होंने कहा, मेरी सरकार ने ऐसा विधेयक भी पारित किया है, जैसा दुनिया में कहीं और नहीं है। यह कानून बुजुर्गों को कई अधिकार देता है।
सतीशन ने कहा, ‘आप सभी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। मैंने जानबूझकर इस कानून में एक प्रावधान जोड़ा है। इसके तहत उन बच्चों को तीन साल की जेल होगी, जो अपने माता-पिता की पूरी संपत्ति लेने के बाद उनकी उपेक्षा करते हैं।’ उन्होंने कहा, ‘राज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद यह कानून बन जाएगा। इसके बाद माता-पिता की संपत्ति लेकर उनकी उपेक्षा करने वालों को निश्चित रूप से जेल भेजा जाएगा। इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए।’
बुजुर्गों के लिए अलग विभाग क्यों बनाया गया?
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य और आने वाली पीढ़ियों को यह समझना चाहिए कि माता-पिता बच्चों को पालने के लिए पूरी जिंदगी कितनी तकलीफें सहते हैं। उन्होंने कहा, मैंने कई ऐसी माताओं को देखा है, जिन्होंने बच्चों को पालने के लिए तरह-तरह की मुश्किलें झेली हैं।
सतीशन ने कहा, ‘जब बच्चे बड़े और नामी हो जाते हैं, तो वे अपने माता-पिता की उपेक्षा करने लगते हैं। ऐसा नहीं होना चाहिए। केरलम में ऐसी संस्कृति नहीं होनी चाहिए। हमें एक नई संस्कृति अपनानी होगी। इसमें माता-पिता को अपने करीब रखना होगा।’ उन्होंने आगे कहा, ‘मेरा सबसे बड़ा सपना है कि केरलम में कोई भी बुजुर्ग अकेला न रहे।’
विधेयक में बुजुर्गों के लिए क्या प्रावधान शामिल हैं?
केरलम विधानसभा ने 26 अक्तूबर को केरलम वरिष्ठ नागरिक (देखभाल और अधिकारों की सुरक्षा) विधेयक, 2026 पारित कर दिया था। इसे कानून बनने के लिए राज्यपाल की मंजूरी मिलना बाकी है। विधेयक के अनुसार, डॉक्टरों और बुजुर्गों की देखभाल करने वाले केंद्रों को दुर्व्यवहार या उपेक्षा की जानकारी 48 घंटे के भीतर देनी होगी। सभी वृद्धाश्रमों और बुजुर्गों के देखभाल केंद्रों का पंजीकरण अनिवार्य होगा। नियम तोड़ने पर कार्रवाई होगी।
बुजुर्गों की देखभाल करने वालों के लिए प्रशिक्षण और प्रमाणपत्र की व्यवस्था होगी। बुजुर्गों को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए मुफ्त कानूनी सहायता मिलेगी। ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार होने वाले बुजुर्गों की मदद के लिए खास व्यवस्था होगी। अल्जाइमर, डिमेंशिया और पार्किंसन जैसी बीमारियों से जूझ रहे बुजुर्गों के लिए खास देखभाल केंद्र बनाए जाएंगे। विधवा, बेसहारा और हिंसा की शिकार बुजुर्ग महिलाओं को सरकारी देखभाल केंद्रों में प्राथमिकता मिलेगी। बुजुर्ग अपनी गंभीर बीमारी या जीवन के अंतिम समय में मिलने वाले इलाज को लेकर पहले से अपनी इच्छा लिखकर दे सकेंगे। इसे लिविंग विल कहा जाता है।
विधेयक में बुजुर्गों के साथ दुर्व्यवहार, उन्हें छोड़ देने या उनकी संपत्ति हड़पने पर तीन साल तक की जेल और 50,000 रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। बिना पंजीकरण के चल रहे देखभाल केंद्रों पर एक साल तक की जेल या 25,000 रुपये का जुर्माना लगेगा। इनके अलावा बुजुर्गों को डिजिटल सेवाओं, सरकारी सुविधाओं और जरूरी सहायक उपकरणों तक पहुंच का अधिकार भी देने का प्रावधान है।
बुजुर्गों के आवास के लिए किसने दिया पैसा?
सतीशन ने लुलु समूह के अध्यक्ष एमए यूसुफ अली की भी तारीफ की। उन्होंने इस आवासीय केंद्र के निर्माण के लिए धन दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा, यूसुफ अली ने जरूरतमंद लोगों की काफी मदद की है। उन्होंने कहा, ‘मैं बहुत से अमीर लोगों को जानता हूं। वे आमतौर पर हर किसी की मदद नहीं करते। उनका ध्यान हमेशा अपनी संपत्ति बढ़ाने पर रहता है। लेकिन उनके दिल में भगवान का नाम है। इसी वजह से वह दूसरों की मदद कर पाते हैं। यह एक जिम्मेदारी है, जिसे उन्होंने अपने ऊपर लिया है।’
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दिव्यांगजनों के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर एक विशेष योजना की घोषणा की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि माता-पिता के न रहने के बाद भी राज्य दिव्यांग बच्चों की जिम्मेदारी लेगा।