New Delhi News: दिल्ली में मतदाता सूची से हटाए गए 47.5 लाख लोगों को दोबारा जोड़ने की कोशिश में बूथ स्तर के अधिकारियों को भारी मुश्किल हो रही है। इनमें बड़ी संख्या उन लोगों की है, जो पुराना घर छोड़कर दूसरी जगह जा चुके हैं। खासकर किरायेदारों का नया पता और फोन नंबर नहीं मिल पा रहा है।
मतदाताओं में ज्यादातर किरायेदार
बाबरपुर की एक अनधिकृत कॉलोनी में तैनात बीएलओ के मुताबिक, उनके मतदान केंद्र की सूची में करीब 300 ऐसे मतदाता हैं, जिनमें ज्यादातर किरायेदार हैं और मकान खाली कर जा चुके हैं। मकान मालिक भी उनके नए पते की जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। कई लोग यह लिखकर देने को तैयार नहीं हैं कि किरायेदार मकान छोड़ चुके हैं। एक अन्य बीएलओ ने बताया कि कई मतदाताओं के फोन नंबर गलत हैं या बंद आ रहे हैं। कुछ लोग फोन उठाने के बाद भी जानकारी देने में रुचि नहीं दिखाते। बीएलओ को हर पते पर तीन बार जाने के निर्देश हैं, लेकिन मतदाता नहीं मिल रहे, जिससे फार्म बांटना और लक्ष्य पूरा करना मुश्किल है।
शाहीन बाग के एक बीएलओ ने बताया कि उनकी सूची में करीब 400 से 500 मतदाता हैं। शुरुआत में सभी से संपर्क की कोशिश की गई, लेकिन कई लोगों ने जवाब नहीं दिया। उन्हें सोमवार को फार्म मिले और मंगलवार से वितरण शुरू करना है।
नए पते का ब्योरा क्यों देना जरूरी?
चुनाव कार्यालय के निर्देशानुसार, दिल्ली में ही दूसरी जगह रहने लगे मतदाताओं को भरा हुआ गणना फार्म और नए पते की जानकारी वाला परिशिष्ट-सी जमा करना होगा। इसमें नया पता और विधानसभा क्षेत्र बताना जरूरी है। दस्तावेज उस विधानसभा क्षेत्र के मतदाता पंजीकरण अधिकारी या सहायक अधिकारी को देने होंगे, जहां मतदाता अब रह रहा है। नए मतदान केंद्र के बीएलओ से भी मदद ली जा सकती है।
घर बैठे कैसे भरें फॉर्म?
चुनाव कार्यालय के मुताबिक, बीएलओ फार्म पहुंचाने के लिए घर जा सकते हैं। फोन नंबर उपलब्ध होने पर वाट्सएप और एसएमएस से भी फार्म भेजे जा सकते हैं। मतदाता चुनाव आयोग की वेबसाइट या ईसीआइनेट एप से भी फार्म डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए पहले वाला मतदाता पहचान पत्र नंबर इस्तेमाल करना होगा। फार्म बांटने और भरे हुए फार्म जमा करने की अंतिम तारीख 30 नवंबर है। 10 दिसंबर तक आवेदनों की जांच और निपटारा होगा। दिल्ली की अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर को जारी होनी है।