Shimla News: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने नीट पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधलियों के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने सभी जिला अध्यक्षों को शनिवार 25 जुलाई की शाम 7 बजे जिला मुख्यालयों पर कैंडल मार्च निकालने के निर्देश दिए हैं ।
प्रदेश कांग्रेस द्वारा जारी निर्देशों में सभी जिला अध्यक्षों को कार्यक्रम की व्यापक तैयारियां पूरी करने के आदेश दिए गए हैं। इस प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता को जोड़ना है। कांग्रेस युवाओं के भविष्य और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था के समर्थन में यह विरोध जता रही है ।
प्रदर्शन में सभी वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी अनिवार्य
कांग्रेस ने कैंडल मार्च में क्षेत्र के सभी विधायकों, पूर्व विधायकों और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी अनिवार्य की है। इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के वर्तमान व पूर्व पदाधिकारियों, जिला व ब्लॉक इकाइयों और अग्रिम संगठनों के प्रतिनिधियों को भी शामिल होने के कड़े निर्देश जारी किए गए हैं ।
नगर निगमों के कांग्रेस पार्षदों को भी इस विरोध प्रदर्शन में प्रमुखता से शामिल होने के लिए कहा गया है। विनय कुमार ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे भारी संख्या में जुटकर युवाओं के हक में अपनी आवाज उठाएं। पार्टी इस माध्यम से एकजुटता का संदेश देना चाहती है ।