तमिलनाडु सरकार पर बरसी भाजपा, सनातन धर्म की अनदेखी कर वोट-बैंक की राजनीति करने का आरोप

Share

- Advertisement -

New Delhi News: भाजपा ने तमिलनाडु के तिरुपरंकुंद्रम में कार्तिगई दीपम विवाद को लेकर मंगलवार को तमिलनाडु सरकार की आलोचना की। भाजपा ने आरोप लगाया कि सरकार सनातन धर्म की परंपराओं और सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अनदेखी कर वोट-बैंक की राजनीति कर रही है। भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशीष उषा अग्रवाल ने टीवीके सरकार पर धार्मिक तुष्टीकरण का आरोप लगाया।

कहा- “सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली टीवीके सरकार राहुल गांधी और आइएनडीआइए के साथ राजनीतिक साझेदारी में है। सनातन धर्म को लेकर उसका रुख गंभीर सवाल खड़े करता है। तिरुपरंकुंद्रम में पवित्र कार्तिगई दीपम जलाने का विरोध करने से लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की अनदेखी करने तक उसके कदम धार्मिक तुष्टीकरण की खुली राजनीति उजागर करते हैं।”

उन्होंने कहा कि जो लोग सनातन परंपराओं और संवैधानिक दायित्वों के बजाय वोट-बैंक की राजनीति को चुनते हैं, उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि वे ऐसी सभ्यतागत और कानूनी चुनौतियों को मोल ले रहे हैं, जिनका वे अंदाजा भी नहीं लगा सकते।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी तमिलनाडु सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि उसने अपने वोट बैंक को खुश करने के लिए न्यायालय के आदेश की अवहेलना की है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर की एक पोस्ट में कहा- जो कोई भी राहुल गांधी के संपर्क में आता है, वह वोट बैंक की राजनीति करने वाला बन जाता है। तमिलनाडु सरकार ने वोट बैंक को खुश करने के लिए सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना की है। ‘चुनावी हिंदू’ राहुल और ‘छद्म धर्मनिरपेक्ष’ विजय को कानूनी और सभ्यतागत चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा।

भंडारी ने कहा कि जिन्होंने सनातन के बजाय वोट बैंक को चुना, वे राजनीतिक इतिहास बन चुके हैं। तमिलनाडु सरकार का भी यही हश्र होगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News