मोगा घोषणा से 1997 की जीत तक, छह साल बाद फिर साथ आए भाजपा और अकाली दल

Share

- Advertisement -

Punjab News: शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले छह साल बाद फिर गठबंधन कर लिया है। दोनों दलों की दोस्ती का इतिहास करीब तीन दशक पुराना है, जिसकी नई राजनीतिक शुरुआत 1996 की मोगा घोषणा से हुई थी। मंगलवार को दिल्ली में दोनों दलों ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में गठबंधन का औपचारिक एलान किया।

पंजाब की राजनीति में शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी की दोस्ती का इतिहास करीब तीन दशक पुराना है। इस रिश्ते की नई राजनीतिक शुरुआत 1996 की मोगा घोषणा से हुई थी। तत्कालीन अकाली दल अध्यक्ष प्रकाश सिंह बादल ने मोगा में पार्टी की विचारधारा को व्यापक स्वरूप देते हुए पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत का नारा दिया।

गठबंधन ने 15 साल किया पंजाब पर राज

इसके बाद अकाली दल ने भाजपा के साथ चुनावी गठबंधन का रास्ता अपनाया। दोनों दलों ने 1997 का विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ा और शानदार जीत हासिल कर पंजाब में सरकार बनाई। इस गठबंधन ने अलग-अलग कार्यकाल में कुल 15 साल पंजाब की सत्ता संभाली। 1997 से 2002 तक पहली सरकार रही, इसके बाद 2002 से 2007 तक कांग्रेस सत्ता में रही। फिर 2007 से 2012 और 2012 से 2017 तक अकाली-भाजपा गठबंधन ने लगातार दो बार सरकार बनाई। हालांकि दोनों दलों के राजनीतिक रिश्तों की पृष्ठभूमि इससे भी पुरानी है। 1967 और 1969 में अकाली दल ने भारतीय जनसंघ के साथ मिलकर भी सरकारें बनाईं। भाजपा का गठन 1980 में हुआ था और बाद में जनसंघ की राजनीतिक विरासत भाजपा ने संभाली।

1997 में 93 सीटें जीतकर पहली बार बनाई सरकार

1996 की मोगा घोषणा के बाद 1997 में अकाली दल और भाजपा ने औपचारिक चुनावी गठबंधन के तहत विधानसभा चुनाव लड़ा। 117 सीटों वाली विधानसभा में अकाली दल ने 94 और भाजपा ने 23 सीटों पर उम्मीदवार उतारे। अकाली दल ने 75 सीटें और भाजपा ने 18 सीटें जीतीं। गठबंधन के खाते में कुल 93 सीटें आईं। प्रकाश सिंह बादल मुख्यमंत्री बने। इस चुनाव में अकाली दल का मत प्रतिशत लगभग 37.64 और भाजपा का 8.33 प्रतिशत रहा। दोनों दलों ने अपने-अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों में एक-दूसरे को राजनीतिक समर्थन दिया। भाजपा को शहरी हिंदू मतदाताओं में अपनी स्थिति मजबूत करने का अवसर मिला, जबकि अकाली दल को भाजपा के साथ आने से शहरी क्षेत्रों में भी राजनीतिक फायदा मिला।

किसान आंदोलन में टूटा रिश्ता

सितंबर 2020 में अकाली दल ने केंद्र के तीन कृषि कानूनों के विरोध में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) से अलग होने का एलान कर दिया। इसके साथ ही करीब 24 साल पुराना साथ टूट गया। 2022 के विधानसभा चुनाव में दोनों दलों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा और आम आदमी पार्टी ने 92 सीटें जीतकर सरकार बनाई।

छह साल बाद फिर साथ

मंगलवार को दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन और अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में गठबंधन का औपचारिक एलान किया। शाह ने अकाली दल को एनडीए का सबसे पुराना सहयोगी बताया। 8 दिसंबर को प्रकाश सिंह बादल के जन्मदिन पर मोगा में बड़ी रैली होगी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News