तेजस्वी चाहते थे तेज प्रताप चुनाव हारें, आकाश यादव का बड़ा दावा, जगदानंद को मोहरा बनाकर ली गई मेरी बलि

Share

- Advertisement -

Patna News: राजद छात्र विंग के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आकाश यादव ने बड़ा दावा किया है कि तेजस्वी यादव चाहते थे कि तेज प्रताप यादव चुनाव हार जाएं। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि जगदानंद सिंह को मोहरा बनाकर उनकी बलि ली गई। तेज प्रताप ने इन आरोपों का खंडन करते हुए आकाश यादव को फ्रॉड बताया है।

आकाश यादव ने एक इंटरव्यू में कहा कि उन्हें राजद छात्र विंग के प्रदेश अध्यक्ष पद से इसलिए हटाया गया, ताकि दोनों भाइयों के बीच राजनीतिक दबदबा दिखाया जा सके। उन्होंने बताया कि एक कार्यक्रम के बाद लालू प्रसाद यादव ने उन्हें खुद रांची बुलाकर हसनपुर सीट पर तेज प्रताप यादव के लिए प्रचार करने को कहा था। हसनपुर में करीब 80 हजार यादव मतदाता हैं।

आकाश यादव के अनुसार ‘गो बैक तेज प्रताप यादव’ के नारे लगने के बावजूद उनकी टीम ने मेहनत की और तेज प्रताप अच्छे अंतर से जीते। उन्होंने कहा कि पटना लौटने पर उन्हें सम्मान की उम्मीद थी, लेकिन पता चला कि तेजस्वी यादव चाहते थे कि तेज प्रताप हार जाएं। जीत के बाद उन्हें पद से हटा दिया गया और बाद में पार्टी से छह साल के लिए निलंबित कर दिया गया।

आकाश यादव ने यह भी आरोप लगाया कि जब पशुपति पारस की पार्टी से गठबंधन की बात चली, तो उन्हें हटाने की शर्त रखी गई थी।

तेज प्रताप ने आरोपों का खंडन किया

तेज प्रताप यादव ने मंगलवार को एक्स पर पोस्ट करके इन आरोपों का खंडन किया। उन्होंने कहा कि आकाश यादव खुद को महाकाल का भक्त बताता है, लेकिन वह बहुत बड़ा फ्रॉड है। तेज प्रताप ने आरोप लगाया कि उनसे एक खबर रोकने के लिए 40 लाख रुपये मांगे गए थे।

तेज प्रताप ने कहा कि नेहा सिंह राठौर ने पहले भी इंटरव्यू के लिए उनसे पैसे की मांग की थी, इसलिए उन्होंने इंटरव्यू देने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा कि लगातार उनके खिलाफ बयानबाजी से उन्हें सुनियोजित साजिश की आशंका है और वह उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जल्द कानूनी कार्रवाई करेंगे। मखाना से जुड़े मामले में वह पहले ही सचिवालय थाने में शिकायत दर्ज करा चुके हैं।

तेज प्रताप यादव को उनके पिता लालू प्रसाद यादव ने पिछले साल 25 मई को छह साल के लिए राजद से निकाल दिया था। इसी साल जून में तेज प्रताप ने आकाश यादव के खिलाफ हत्या की साजिश की शिकायत दर्ज कराई थी, जबकि आकाश यादव ने तेज प्रताप पर घर में घुसकर धमकाने का आरोप लगाया था।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News