Washington News: भारतीय-अमेरिकी समुदाय के नेता अजय जैन भुटोरिया ने कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसम से मुलाकात की और उन्हें 2028 में अमेरिका के राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ने का आग्रह किया। भुटोरिया ने दक्षिण एशियाई समुदायों के समर्थन का भरोसा देते हुए कहा कि अमेरिका को दूरदर्शी और सिद्ध रिकॉर्ड वाले नेता की जरूरत है।
कैलिफोर्निया बोर्ड फॉर प्रोफेशनल इंजीनियर्स, लैंड सर्वेयर्स एंड जियोलॉजिस्ट्स के सदस्य भुटोरिया ने सोमवार को सैक्रामेंटो में न्यूसम से मुलाकात की और उनसे अपनी उम्मीदवारी की औपचारिक घोषणा करने का आग्रह किया।
भुटोरिया ने कहा, “अमेरिका को दूरदृष्टि, साहस और काम कराने के सिद्ध रिकॉर्ड वाले नेता की जरूरत है, और गवर्नर न्यूसम वही नेता हैं।”
59 वर्षीय न्यूसम को 2028 में अमेरिका के राष्ट्रपति पद के संभावित उम्मीदवारों में से एक माना जाता है। उन्होंने एक मीडिया संस्थान को बताया था कि वह जनवरी की शुरुआत में राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी शुरू करने पर फैसला लेंगे।
राष्ट्रपति जो बाइडन के पूर्व सलाहकार भुटोरिया ने कहा कि न्यूसम ने कैलिफोर्निया को उसकी कुछ सबसे कठिन चुनौतियों से निकाला है और हर समुदाय के लिए खड़े रहे हैं।
उन्होंने कहा, “मैंने आज उनसे फिर कहा कि हमारे देश को उनकी जरूरत है और दक्षिण एशियाई और भारतीय-अमेरिकी समुदाय के कई लोग उनके साथ खड़े होने के लिए तैयार हैं।”
भुटोरिया 2021 से 2024 तक एशियाई अमेरिकियों, मूल हवाईवासियों और प्रशांत द्वीपवासियों पर राष्ट्रपति की सलाहकार आयोग के आयुक्त रहे और डेमोक्रेटिक नेशनल कमेटी के उप राष्ट्रीय वित्त अध्यक्ष भी रहे।
भुटोरिया ने कहा, “दक्षिण एशियाई अमेरिकी समुदाय इस देश के सबसे तेजी से बढ़ते और सबसे अधिक सक्रिय समुदायों में से एक है। हम ऐसा राष्ट्रपति चाहते हैं, जो नवाचार, उद्यमिता और आप्रवासी की कहानी को समझता हो और यह सुनिश्चित करे कि हर अमेरिकी को सफल होने का अवसर मिले। गवर्नर न्यूसम इन्हीं मूल्यों का प्रतिनिधित्व करते हैं।”
न्यूसम अगले महीने कैलिफोर्निया के गवर्नर के रूप में अपना दूसरा कार्यकाल पूरा करने वाले हैं।