Gurugram News: सेक्टर-37सी स्थित एस्प्लानेड मॉल के पास एक महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलने के बाद सेक्टर-10 थाना पुलिस, अपराध शाखा और डॉग स्क्वायड की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की उम्र करीब 35 वर्ष है। राहगीरों ने सुबह शव देखकर पुलिस को सूचित किया था। महिला के कपड़े अस्त-व्यस्त मिलने के कारण पुलिस किसी अनहोनी की आशंका जता रही है, हालांकि शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
शिनाख्त के प्रयास और जांच जारी
पुलिस फिलहाल मृतका की पहचान करने की कोशिश कर रही है। आसपास की दुकानों और ढाबों पर काम करने वाले कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों और महिला के साथ हुई किसी भी संभावित घटना का पता चल पाएगा।
पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास किए जाएंगे। घटना स्थल के आसपास के रास्तों के कैमरों को खंगाला जा रहा है ताकि संदिग्धों की पहचान हो सके। स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद से काफी भय का माहौल व्याप्त है।