National News: कंप्यूटर या लैपटॉप पर WhatsApp Web इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए भारत सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसी ने चेतावनी जारी की है। अगर आपने किसी दूसरे के कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉग-इन किया और काम खत्म होने के बाद लॉगआउट करना भूल गए, तो आपका अकाउंट किसी दूसरे व्यक्ति के हाथ में जा सकता है।
WhatsApp आज हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। पर्सनल बातचीत से लेकर ऑफिस के काम और जरूरी डॉक्यूमेंट भेजने तक, हर काम के लिए इसका इस्तेमाल किया जाता है। कंप्यूटर या लैपटॉप पर काम करने वाले लोगों के लिए WhatsApp Web काफी सुविधाजनक है, क्योंकि फोन बार-बार उठाने की जरूरत नहीं पड़ती और कंप्यूटर से ही चैटिंग की जा सकती है। लेकिन यही सुविधा आपकी एक छोटी सी गलती के चलते बड़े साइबर खतरे में बदल सकती है।
भारत सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसी ने WhatsApp Web यूजर्स को लेकर चेतावनी जारी की है। इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) की नेशनल साइबर क्राइम थ्रेट एनालिसिस यूनिट (NCTAU) ने बताया है कि पब्लिक या शेयर्ड कंप्यूटर पर एक्टिव WhatsApp Web सेशन का गलत इस्तेमाल किया जा सकता है। अगर किसी साइबर अपराधी को ऐसे कंप्यूटर तक पहुंच मिल जाती है तो वह यूजर की निजी बातचीत, कॉन्टैक्ट्स और ग्रुप चैट तक पहुंचने की कोशिश कर सकता है। इतना ही नहीं, अकाउंट का इस्तेमाल यूजर की पहचान के साथ दूसरों को मैसेज भेजने और स्कैम करने के लिए भी किया जा सकता है।
सिर्फ ब्राउजर बंद करने से नहीं चलेगा काम
जब आप कंप्यूटर पर web.whatsapp.com खोलते हैं तो वहां एक क्यूआर कोड दिखाई देता है। आपको अपने स्मार्टफोन में WhatsApp खोलकर Linked Devices विकल्प पर जाना होता है और इस क्यूआर कोड को स्कैन करना होता है। इसके बाद आपका WhatsApp अकाउंट उस कंप्यूटर के ब्राउजर से लिंक हो जाता है। एक बार लिंक होने के बाद कंप्यूटर पर आपका अकाउंट एक्टिव रह सकता है और हर बार WhatsApp इस्तेमाल करने के लिए क्यूआर कोड स्कैन करने की जरूरत नहीं पड़ती।
परेशानी तब होती है जब आप किसी ऑफिस के शेयर्ड कंप्यूटर, साइबर कैफे या होटल के बिजनेस सेंटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करने के बाद सिर्फ ब्राउजर की विंडो बंद कर देते हैं। दरअसल, ब्राउजर बंद करना और WhatsApp Web से लॉगआउट करना दो अलग-अलग चीजें हैं। अगर आपका सेशन एक्टिव रह गया तो उसी कंप्यूटर का इस्तेमाल करने वाला अगला व्यक्ति आपका WhatsApp खोल सकता है। उसे आपके अकाउंट तक पहुंचने के लिए दोबारा क्यूआर कोड स्कैन करने या आपके फोन पर आने वाले ओटीपी की जरूरत नहीं पड़ती।
एक्सेस मिलने पर क्या कर सकते हैं अटैकर्स
अगर किसी को आपके एक्टिव WhatsApp Web सेशन तक एक्सेस मिल जाता है तो वह कई तरह से इसका गलत इस्तेमाल कर सकता है। सबसे बड़ा खतरा आपकी पहचान का इस्तेमाल करके लोगों को स्कैम का शिकार बनाने का है। उदाहरण के लिए, अटैकर आपके किसी दोस्त या रिश्तेदार को आपके नंबर से मैसेज भेजकर अचानक पैसों की मांग कर सकता है। सामने वाले व्यक्ति को लगेगा कि मैसेज आपने ही भेजा है और वह बिना ज्यादा जांच-पड़ताल के पैसे ट्रांसफर कर सकता है। साथ ही, आपके नाम से फेक लिंक और संदिग्ध फाइलें भेजी जा सकती हैं, और आपकी प्राइवेट बातचीत और मौजूद मीडिया का इस्तेमाल आपको परेशान करने, ब्लैकमेल करने या दूसरे स्कैम जैसे अटैक्स के लिए किया जा सकता है।
I4C की वॉर्निंग में मैलवेयर के जरिए कंप्यूटर को इनफेक्ट करके एक्टिव WhatsApp Web सेशन का गलत इस्तेमाल किए जाने के खतरे का भी जिक्र है। यानी खतरा सिर्फ उस स्थिति में नहीं है जब कोई दूसरा व्यक्ति आपके बाद उसी कंप्यूटर पर बैठता है। अगर कंप्यूटर में खतरनाक सॉफ्टवेयर मौजूद है तो वह भी आपके ब्राउजर और एक्टिव सेशन को निशाना बनाने की कोशिश कर सकता है।
WhatsApp Web इस्तेमाल करते समय इन बातों का रखें ध्यान
ऐसे खतरे से बचने का सबसे आसान तरीका है कि पब्लिक या शेयर्ड कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करने से बचें। अगर किसी मजबूरी में ऐसा करना पड़े तो काम खत्म होते ही WhatsApp Web से मैन्युअली लॉगआउट करें। सिर्फ टैब या ब्राउजर बंद करने पर डिपेंड न रहें। दूसरे कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करते समय Incognito या Private Browsing मोड का इस्तेमाल करना भी बेहतर है, हालांकि इसे पूरी सुरक्षा की गारंटी न समझें। प्राइवेट ब्राउजिंग मोड में भी काम खत्म होने के बाद लॉगआउट करना जरूरी है। इसके अलावा, पब्लिक कंप्यूटर पर बैंकिंग, ऑफिस या दूसरी सेंसिटिव जानकारियों से जुड़ी बातें करने से बचें।
इसके अलावा अपने कंप्यूटर और स्मार्टफोन के ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर को अपडेट रखें। अनजान वेबसाइट से फाइल डाउनलोड करने, संदिग्ध अटैचमेंट खोलने और क्रैक किए गए सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करने से बचें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर WhatsApp का क्यूआर कोड स्कैन न करें और डिवाइस लिंकिंग कोड किसी के साथ शेयर न करें।
ऐसे चेक करें कि आपका WhatsApp कहां-कहां लॉग-इन है
अगर आपको शक है कि आपका WhatsApp किसी दूसरे कंप्यूटर पर खुला है तो इसकी चेकिंग स्मार्टफोन से की जा सकती है। इसके लिए WhatsApp खोलें और ऊपर दाईं तरफ तीन डॉट वाले मेन्यू पर टैप करें। इसके बाद Linked Devices विकल्प चुनें। iPhone यूजर्स को यह विकल्प Settings में मिलेगा। यहां आपको उन सभी डिवाइस की जानकारी दिखाई देगी, जिन पर आपका अकाउंट लिंक है। अगर कोई ऐसा कंप्यूटर या ब्राउजर दिखाई देता है जिसे आप नहीं पहचानते या अब इस्तेमाल नहीं करते, तो उस पर टैप करके Log Out कर दें।