Religion News: नया व्यवसाय या दुकान खोलना एक अहम फैसला होता है, क्योंकि यही आय का मुख्य साधन होता है। वास्तु शास्त्र के अनुसार भवन का निर्माण वास्तु के अनुरूप न हो तो कड़ी मेहनत के बावजूद लाभ की जगह व्यय बढ़ सकता है। दुकान के ईशान, आग्नेय और नैर्ऋत्य कोण की सही व्यवस्था से व्यापार में शुभ फल मिलता है।
वास्तु शास्त्र के अनुसार व्यावसायिक भवन का चयन करते समय सबसे पहले उसके कोणों पर ध्यान देना चाहिए। ईशान कोण यानी उत्तर-पूर्व दिशा को खाली और स्वच्छ रखना चाहिए। जल संबंधी कार्य ईशान कोण में अथवा उत्तर-पूर्व दिशा में करने चाहिए। पूजा का स्थान भी ईशान कोण में बनाना चाहिए, हालांकि उत्तर अथवा पूर्व दिशा में भी पूजा का स्थान बनाया जा सकता है।
ईशान कोण में भारी सामान न रखें
वास्तु शास्त्र के अनुसार ईशान कोण में भारी सामान कतई नहीं रखना चाहिए। कार्टन और भारी सामान दक्षिण या पश्चिम दिशा में रखना चाहिए। दुकान में अलमारी, शोकेस और फर्नीचर आदि दक्षिण या पश्चिम दीवार की ओर बनवाए जा सकते हैं। यदि यह संभव न हो तो नैर्ऋत्य कोण में भी इन्हें बनवाया जा सकता है। दुकान के पूर्व और उत्तर क्षेत्र को ग्राहकों के आने-जाने के लिए खाली रखना चाहिए।
दुकान में माल का भंडारण भी दक्षिण या पश्चिम दिशा में ही करना चाहिए। संभव न हो तो नैर्ऋत्य कोण में भी भंडारण किया जा सकता है। माल का स्टॉक पश्चिम, दक्षिण या नैर्ऋत्य कोण में करना चाहिए।
बिजली का मीटर आग्नेय कोण में रखें
वास्तु शास्त्र के अनुसार दुकान के अंदर बिजली का मीटर और स्विच बोर्ड आदि आग्नेय कोण में रहना लाभदायक होता है। दुकान में सीढ़ियां ईशान कोण को छोड़कर बनवानी चाहिएं। पानी का पात्र ईशान कोण में रखना शुभ माना जाता है।
द्वार वेध से बचें
वास्तु शास्त्र के अनुसार दुकान या दफ्तर के सामने द्वार वेध नहीं होना चाहिए। इसका अर्थ है कि दुकान के सामने खंभा, सीढ़ी, बिजली का पोल और पेड़ आदि नहीं होने चाहिएं। जहां तक संभव हो, इससे बचना चाहिए।
दुकान के मालिक या व्यवस्थापक को नैर्ऋत्य कोण में पूर्व या उत्तर की ओर मुख करके बैठना चाहिए। वास्तु शास्त्र के अनुसार इन नियमों का ध्यान रखने से व्यापार में शुभ फल और आय की अधिकता बनी रहती है।