Tirupati News: तिरुपति के भगवान वेंकटेश्वर मंदिर को एक भक्त 26 नवंबर को 121 किलोग्राम सोने के आभूषण भेंट करेगा, जिनकी कीमत करीब 150 से 160 करोड़ रुपये आंकी गई है। नौ सेटों में बंटे 45 आभूषणों का यह दान मंदिर के इतिहास में किसी एक व्यक्ति की ओर से दिया गया अब तक का सबसे बड़ा दान माना जा रहा है।
सरकारी और तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के सूत्रों के मुताबिक, दुनियाभर में मशहूर इस पहाड़ी मंदिर को मिलने वाली यह अब तक की सबसे बड़ी भेंट होगी। एक सरकारी सूत्र ने बताया कि भक्त 26 नवंबर को तिरुमाला में भगवान वेंकटेश्वर को 121 किलोग्राम सोने के आभूषण भेंट करेगा।
15 महीने में तैयार हुए आभूषण
इन 121 किलोग्राम सोने से कुल 46 अलग-अलग तरह के आभूषण बनाए गए हैं, जिन्हें नौ सेट में बांटा गया है। इनमें भगवान का मुकुट, भुजकीर्तियां, शंख-चक्र, वड्डाणम यानी कमरबंद और अभय हस्त शामिल हैं। आभूषणों को बनाने में TTD के अधिकारियों की सलाह और आगम शास्त्र के नियमों का खास ख्याल रखा गया है। इन्हें तैयार करने में करीब 15 महीने का समय लगा।
दान देने वाले ने नाम गोपनीय रखने की अपील की
बताया जा रहा है कि यह दान देने वाले चेन्नई के एनआरआई बिजनेसमैन मानते हैं कि उनके कारोबार की तरक्की में भगवान वेंकटेश्वर स्वामी का आशीर्वाद है। इसी वजह से उन्होंने अपनी कंपनी के मुनाफे का एक हिस्सा भगवान को सोने के आभूषणों के रूप में अर्पित करने का मन बनाया।
चूंकि वे इस दान को लेकर किसी तरह का प्रचार नहीं चाहते, इसलिए उन्होंने अपनी पहचान सार्वजनिक न करने की अपील की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू से भी अपना नाम गोपनीय रखने का अनुरोध किया है। सूत्र ने बताया कि भक्त ने TTD के साथ बातचीत पूरी कर ली है और वह मंदिर परिसर में ही ये आभूषण TTD को सौंप देगा।