सोनीपत बारात विवाद में लड़की के पिता का पलटवार, दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल कुलदीप निलंबित

Share

- Advertisement -

Sonipat News: हरियाणा के सोनीपत में शादी से पहले बारात लौटाने के विवाद में दिल्ली पुलिस ने कांस्टेबल कुलदीप को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी है। लड़की के पिता सुभाष ने कुलदीप के दावों को खारिज करते हुए ब्रेजा कार की मांग, सीसीटीवी फुटेज, बुकिंग दस्तावेज और पहले की शादी को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।

हरियाणा के सोनीपत में अंतिम समय में बारात लौटाने को लेकर उठा विवाद गहराता जा रहा है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने कांस्टेबल कुलदीप को निलंबित कर दिया है और विभागीय जांच शुरू कर दी है। इससे पहले लड़की के पिता ने शिकायत और आरोप लगाए थे, जिस पर कांस्टेबल कुलदीप ने सफाई दी थी, लेकिन अब लड़की के पिता ने दोबारा बयान जारी कर उन दावों पर पलटवार किया है।

यह विवाद शादी से ठीक पहले शुरू हुआ था, जिसमें दिल्ली पुलिस में तैनात कांस्टेबल कुलदीप पर दहेज में ब्रेजा गाड़ी की मांग करने का आरोप लगा। लड़की के पिता सुभाष ने कुलदीप के सभी आरोपों को सिरे से नकारते हुए कहा है कि उनकी तरफ से पैसे की कोई मांग नहीं रखी गई थी।

गाड़ी की मांग बदलने और सीसीटीवी फुटेज का दावा

लड़की के पिता सुभाष ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि लड़के की पहले भी शादी हो चुकी है। उन्होंने अपने बयान पर कायम रहते हुए कहा कि पहले औरा गाड़ी तय हुई थी, जिसे रद्द कर ब्रेजा गाड़ी की मांग की गई।

दुल्हन के पिता के मुताबिक, 20 नवंबर को उनकी बेटी मंडप में बैठकर रोती रही। उन्होंने बताया कि इस घटना से बेटी इतनी आहत हुई कि दो बार जान देने की कोशिश कर चुकी है और परिवार अब उसे अकेला नहीं छोड़ रहा है।

इस बीच शादी वाले दिन का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दूल्हा कुलदीप सादे कपड़ों में अकेले बैंक्वेट हॉल में आते दिखाई दे रहे हैं। दुल्हन के परिवार का आरोप है कि कुलदीप यह देखने पहुंचे थे कि दहेज में मांगी गई ब्रेजा कार वहां खड़ी है या नहीं।

दस्तावेज, सामान वापसी और कुलदीप की सफाई

लड़की पक्ष का कहना है कि लड़के पक्ष की मांग लगातार बढ़ रही थी और गाड़ी की मांग उन्होंने खुद बदली थी। पिता ने कहा कि उनकी ओर से कोई बदतमीजी नहीं की गई। अपने दावों की पुष्टि के लिए लड़की के पिता ने गाड़ी बुकिंग के दस्तावेज मीडिया के सामने रखे और मामचंद वाटिका में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी सामने आई, साथ ही दहेज में दिए सामान की तस्वीरें भी साझा की गईं।

लड़की पक्ष ने कहा कि उन्होंने न तो कोई मांग की और न ही पैसे मांगे, और अब वे सख्त कार्रवाई चाहते हैं तथा अदालत के जरिए अपना सामान वापस लेंगे। पिता ने बताया कि नरेला पुलिस स्टेशन में तैनात कुलदीप के कहने पर उन्होंने नरेला में भी ब्रेजा गाड़ी तलाशी थी। उन्होंने ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की ताकि भविष्य में ऐसा न हो।

दूसरी ओर, कुलदीप ने पहले दी गई सफाई में कहा था कि रास्ते को लेकर विवाद हुआ था और उनकी तरफ से गाड़ी की मांग नहीं की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि बाद में उन्हें बंधक बना लिया गया था, जबकि वे अब भी शादी करने को तैयार हैं। जानकारी के अनुसार, गोहाना निवासी कुलदीप की शादी छह महीने पहले युवती से तय हुई थी।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News