New Delhi News: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक सौरव दास के पासपोर्ट विवाद पर विदेश मंत्रालय ने स्थिति स्पष्ट की है। मंत्रालय के अनुसार, पासपोर्ट में दर्ज जन्मस्थान से जुड़ी जानकारी में अनियमितता सामने आने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिनों में जवाब मांगा गया है। वहीं, सौरव दास ने इस कार्रवाई के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है।
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक सौरव दास के पासपोर्ट को लेकर चल रहे विवाद पर विदेश मंत्रालय (MEA) ने आधिकारिक पक्ष रखा है। मंत्रालय ने अपनी साप्ताहिक ब्रीफिंग में स्पष्ट किया कि सौरव दास के पासपोर्ट दस्तावेजों में कुछ अनियमितताएं पाई गई हैं। इसी कारण उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर अपना जवाब दाखिल करने को कहा गया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह मामला पासपोर्ट में दर्ज जन्मस्थान से जुड़े विवरण में कथित विसंगति का है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि पासपोर्ट आवेदन के समय आवेदक द्वारा सही और सटीक जानकारी देना अनिवार्य होता है। किसी भी प्रकार की त्रुटि या अनियमितता मिलने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित व्यक्ति को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा जाता है, और सौरव दास के मामले में भी यही प्रक्रिया अपनाई गई है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर रोके जाने के बाद हाईकोर्ट पहुंचे दास
इस पूरे प्रकरण के खिलाफ सौरव दास ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। दास का आरोप है कि सरकार ने CJP के नेतृत्व वाले युवा आंदोलन को दबाने के उद्देश्य से उन्हें दिल्ली हवाई अड्डे पर रोक लिया।
सौरव दास के मुताबिक, उन्हें 1 दिसंबर को ब्रिटेन में आयोजित होने वाले ऑक्सफोर्ड यूनियन के एक कार्यक्रम में शामिल होने जाना था। इस कार्यक्रम में उन्हें और CJP की कानूनी प्रमुख रत्ना सिंह को ‘कॉकरोच आंदोलन’ पर अपने विचार रखने के लिए आमंत्रित किया गया था। दास ने दावा किया कि पासपोर्ट में विसंगतियों का हवाला देकर उन्हें जानबूझकर विदेश यात्रा से रोका गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों के जरिए कार्रवाई का आधार न मिलने पर अब उनकी नागरिकता, आधार कार्ड और शैक्षणिक योग्यताओं पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
प्रेस वार्ता में सरकार पर साधा निशाना
इससे पहले मंगलवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान सौरव दास ने इस कार्रवाई को लेकर सरकार की आलोचना की थी। उन्होंने भगोड़े कारोबारियों नीरव मोदी, विजय माल्या और मेहुल चोकसी का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि वे उन लोगों की तरह होते, तो उनके लिए लाल कालीन बिछाया जाता और विशेष सुरक्षा के बीच उन्हें कुछ ही घंटों में लंदन रवाना कर दिया जाता।
दास ने यह भी दावा किया कि CJP नेताओं को न केवल विदेश यात्रा से रोका जा रहा है, बल्कि देश के भीतर भी उनके आंदोलन और विचारों को सामने रखने में बाधाएं डाली जा रही हैं। उन्होंने जानकारी दी कि ऑक्सफोर्ड यूनियन के अलावा लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स, कैम्ब्रिज, एडिनबर्ग और क्वीन मैरी यूनिवर्सिटी में भी उनके आंदोलन से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तावित थे।