Jaipur News: दक्षिण-पश्चिम मानसून के राजस्थान में पूरी तरह सक्रिय होते ही राज्य के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश जारी है। बारिश के चलते नदियां-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा हो गई है।
आगामी 4-5 दिनों तक जारी रहेगा भारी बारिश का दौर
जयपुर मौसम केंद्र ने आने वाले दिनों के लिए अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि राज्य में अगले चार से पांच दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा। कई जिलों में मूसलाधार बारिश का सिलसिला आगे भी जारी रहने की पूरी संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य के पूर्वी भाग में मध्यम से भारी और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में भी अच्छी बारिश देखने को मिली है।
बांसवाड़ा के जगपुरा में दर्ज हुई सबसे अधिक बारिश
राज्य में सर्वाधिक 17 सेंटीमीटर बारिश बांसवाड़ा के जगपुरा में दर्ज की गई। इसके अलावा भीलवाड़ा के आसींद में 16, अजमेर के जवाजा में 12 और गंगानगर के सादुलशहर में 11 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
राजसमंद, बारां, जोधपुर, पाली और सिरोही में भी अच्छी वर्षा हुई है। मौसम केंद्र ने 23 से 25 जुलाई के दौरान अजमेर, कोटा, जोधपुर और उदयपुर संभागों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है।