Sultanpur News: सुल्तानपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट में पेशी के लिए जा रहे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर आपस में टकरा गईं। हादसे में पांच गाड़ियां और एक एंबुलेंस क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिसमें कई कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हुए हैं। राहुल गांधी पूरी तरह सुरक्षित हैं और कोर्ट में पेश होने पहुंच रहे हैं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां सोमवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर आपस में टकरा गईं। हादसा उस समय हुआ जब राहुल गांधी लखनऊ एयरपोर्ट से सड़क मार्ग के जरिए सुल्तानपुर स्थित एमपी-एमएलए कोर्ट में व्यक्तिगत पेशी के लिए जा रहे थे। जानकारी के अनुसार, काफिले में शामिल लगभग पांच वाहन और एक एंबुलेंस आपस में भिड़ गए। इस दुर्घटना में कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं, हालांकि राहुल गांधी पूरी तरह सुरक्षित हैं।
हादसे के बाद सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत स्थिति को संभाला और काफिले को आगे रवाना किया। राहुल गांधी 2018 के एक मानहानि मामले में सुल्तानपुर की विशेष अदालत में पेश होने पहुंचे हैं। इस हाई-प्रोफाइल मामले में अंतिम बहस पूरी होने के बाद आज कोर्ट का फैसला आने की संभावना जताई जा रही है, जिसे लेकर प्रशासनिक और सियासी स्तर पर सुरक्षा व सतर्कता बढ़ा दी गई है।
वर्ष 2018 में अमित शाह पर टिप्पणी से जुड़ा है मामला
यह पूरा विवाद 8 मई 2018 का है, जब कर्नाटक के बेंगलुरु में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने तत्कालीन भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक बयान दिया था।
वादी पक्ष के अधिवक्ता संतोष पांडे के अनुसार, इस बयान से आहत होकर सुल्तानपुर जिला सहकारी बैंक के तत्कालीन चेयरमैन विजय मिश्रा ने 4 अगस्त 2018 को एमपी-एमएलए कोर्ट में मानहानि का परिवाद दर्ज कराया था। अदालत में गवाहों के बयान और लंबी कानूनी सुनवाई के बाद दोनों पक्षों की अंतिम बहस पूरी हो चुकी है।
कांग्रेस नेताओं ने न्यायपालिका पर जताया भरोसा
पेशी को लेकर कांग्रेस नेताओं ने संवैधानिक प्रक्रियाओं पर पूर्ण विश्वास व्यक्त किया है। कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी संविधान और न्यायपालिका का पूरा सम्मान करते हैं, इसी कारण वे आज नियत तारीख पर अदालत में उपस्थित हो रहे हैं। वहीं कांग्रेस नेत्री आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और राहुल गांधी पहले भी अदालत में पेश हो चुके हैं।
राहुल गांधी के अधिवक्ता काशी प्रसाद शुक्ला ने कहा कि उन्हें आज अदालत के निर्णय का इंतजार है और उन्हें न्याय मिलने का पूरा भरोसा है। अधिवक्ता ने तर्क दिया कि वादी ने केवल लोकप्रियता हासिल करने के लिए यह मुकदमा दायर किया था और बयान के वास्तविक संदर्भ को अदालत के सामने पूरी तरह स्पष्ट नहीं किया गया था।