National News: भारतीय घरों की थाली में दाल, चावल और रोटी खाई जाती है, लेकिन इनसे मिलने वाले प्रोटीन को लेकर भ्रम रहता है। दो कटोरी दाल, दो कटोरी चावल और चार रोटियों से दिनभर में करीब 33 से 35 ग्राम प्रोटीन मिलता है, जो रोजाना की जरूरत से कम है। पनीर, दूध और दही से कमी पूरी की जा सकती है।
भारतीय घरों में दोपहर के भोजन से लेकर रात के खाने तक आमतौर पर दाल, चावल और रोटी ही खाई जाती है। अक्सर कहा जाता है कि भारतीय खाने में प्रोटीन की कमी होती है। खासकर शाकाहारी लोगों के लिए यह सवाल अहम है, क्योंकि उनकी थाली में रोज यही तीन चीजें होती हैं। कई लोगों को लगता है कि दाल में प्रोटीन होता है, इसलिए दिन में दो बार दाल खा लेने से प्रोटीन की जरूरत पूरी हो जाती है। लेकिन हकीकत इससे अलग है।
दाल से कितना प्रोटीन मिलता है
शाकाहारी लोगों के लिए दाल प्रोटीन का मुख्य स्रोत है। भारतीय थाली में यही एक चीज है, जिसे लोग रोज प्रोटीन के स्रोत के तौर पर खाते हैं। 100 ग्राम कच्ची दाल में करीब 20 से 23 ग्राम प्रोटीन पाया जाता है। हालांकि दाल पतली हो जाने के बाद प्रोटीन की यह मात्रा घटकर एक तिहाई रह जाती है। इस हिसाब से दिन में दो कटोरी दाल खाने पर लगभग 15 ग्राम प्रोटीन मिल सकता है। दाल गाढ़ी हो तो प्रोटीन की मात्रा थोड़ी ज्यादा हो सकती है।
चावल और रोटी से कितना प्रोटीन मिलेगा
चावल आमतौर पर कार्बोहाइड्रेट का स्रोत होते हैं, हालांकि इनमें थोड़ी मात्रा में प्रोटीन भी मिलता है। दिन में दो कटोरी पके हुए चावल खाने से करीब 5 से 8 ग्राम प्रोटीन मिल सकता है। चावल की किस्म और कटोरी के आकार के हिसाब से यह मात्रा थोड़ी कम या ज्यादा हो सकती है। गेहूं की रोटी में भी कुछ मात्रा में प्रोटीन पाया जाता है। दोपहर में दो और रात में दो, यानी दिनभर में कुल चार रोटियां खाने से लगभग 12 से 13 ग्राम प्रोटीन मिल सकता है। यह मात्रा रोटी के आकार पर निर्भर करती है।
तीनों को मिलाकर कुल कितना प्रोटीन
दाल, चावल और रोटी से मिलने वाले प्रोटीन को जोड़कर देखें तो सामान्य भारतीय थाली से दिनभर में करीब 33 से 35 ग्राम प्रोटीन मिल सकता है। यानी सिर्फ दाल, चावल और रोटी खाकर इतना प्रोटीन पूरा किया जा सकता है। हालांकि इससे दिनभर की प्रोटीन की जरूरत पूरी नहीं होती।
प्रोटीन की कमी कैसे पूरी करें
घर का सामान्य खाना खाकर भी प्रोटीन की जरूरत पूरी की जा सकती है। इसके लिए अपनी थाली में पनीर, सोयाबीन, दूध, दही और टोफू जैसी चीजें शामिल की जा सकती हैं। इनसे दिनभर की प्रोटीन की जरूरत आसानी से पूरी हो सकती है। जो लोग मांसाहारी खाना खाते हैं, उनके लिए अंडा और चिकन अच्छा विकल्प हैं।
एक दिन में कितना प्रोटीन खाना चाहिए
एक स्वस्थ वयस्क को रोजाना शरीर के हर किलोग्राम वजन के हिसाब से करीब 0.8 ग्राम प्रोटीन की जरूरत होती है। यानी अगर किसी का वजन 60 किलो है, तो उसे दिनभर में लगभग 48 ग्राम प्रोटीन की जरूरत होगी। हालांकि प्रोटीन की जरूरत उम्र, शारीरिक गतिविधि, स्वास्थ्य और दूसरी स्थितियों के हिसाब से बदल सकती है।
नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर चिकित्सा सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें। यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर मौजूद यूजर-जनरेटेड कंटेंट पर आधारित है। लाइव हिन्दुस्तान ने इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है और न ही इनका समर्थन करता है।