स्कूल के दिनों में चाचा संजय गांधी पर टिप्पणी से नाराज होकर लड़के को जड़ा था थप्पड़: प्रियंका गांधी

Share

- Advertisement -

New Delhi News: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर जारी एक बातचीत के वीडियो में अपने बचपन का एक किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि 1977 के लोकसभा चुनाव में इंदिरा गांधी की हार के बाद स्कूल में एक लड़के ने उनके चाचा संजय गांधी को चोर कहा था, जिस पर गुस्सा होकर उन्होंने उस लड़के को थप्पड़ मार दिया था।

    कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपनी मां सोनिया गांधी और भाई राहुल गांधी के साथ बातचीत के दौरान अपने स्कूल के दिनों से जुड़ा एक पुराना अनुभव साझा किया है। इस बातचीत का वीडियो मंगलवार को कांग्रेस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी किया गया।

    वीडियो में प्रियंका गांधी ने बताया कि आपातकाल के बाद जब उनकी दादी और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी 1977 का लोकसभा चुनाव हार गई थीं, उस समय परिवार दूसरे घर में रहने चला गया था और माहौल काफी तनावपूर्ण था।

    लड़के के रोने पर टीचर से पड़ी थी डांट

    प्रियंका गांधी ने उस घटना को याद करते हुए कहा, “स्कूल में एक लड़का मेरे पास आया और बोला कि तुम्हारा चाचा (संजय गांधी) जेल में है, तुम्हारा चाचा चोर है। मैंने उसे थप्पड़ मार दिया। वह रोने लगा और टीचर के पास चला गया। इसके बाद मुझे डांट पड़ी।”

    स्कूल में एक-दूसरे से अलग था राहुल और प्रियंका का स्वभाव

    बातचीत के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने स्कूल के दिनों में अपने स्वभाव के अंतर पर भी चर्चा की। राहुल गांधी ने कहा कि स्कूल में वह और उनकी बहन एक-दूसरे से बिल्कुल अलग थे। उन्होंने प्रियंका को नियमों का पालन करने वाली और विनम्र बताया, जबकि खुद को विद्रोही स्वभाव का कहा, जो सवाल पूछता था और दूसरों को परेशान करता था।

    इस पर प्रियंका ने कहा कि वह व्यवस्था के अनुकूल चलने वाली थीं, जबकि राहुल ऐसे नहीं थे। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि आज संसद में भी दोनों के बीच वही अंतर दिखाई देता है, जो स्कूल के दिनों में था।

    राहुल गांधी ने साझा की सातवें जन्मदिन की याद

    राहुल गांधी ने भी आपातकाल के बाद के दौर को याद करते हुए बताया कि जब वह दोबारा स्कूल गए, तो कोई भी उनके बगल में नहीं बैठता था। उन्होंने कहा कि उनके सातवें जन्मदिन पर दोस्तों में से केवल एक ही उनसे मिलने आया था, जो आज भी उनका दोस्त है।

    सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन के कुछ दिनों बाद सामने आए इस वीडियो में गांधी परिवार के तीनों सदस्य अपने जीवन के सुखद और कठिन अनुभवों को साझा करते नजर आ रहे हैं।

    Read more

    Related News