Delhi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि ड्रग्स की सप्लाई भारत के हितों को नुकसान पहुंचाने के लिए दुश्मन देशों के आतंकी प्लान का हिस्सा है। उन्होंने युवाओं से इस बड़े मूवमेंट का लीडर बनने की अपील की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें देश के युवाओं की जिम्मेदारी और उनके कर्तव्यों पर पूरा भरोसा है। इस विशेष अभियान से जोड़ने के लिए उन्होंने अलग-अलग बैकग्राउंड, संस्थानों और क्षेत्रों के एक करोड़ से ज्यादा युवाओं से साथ आने की अपील की, ताकि देश को नशे के जाल से पूरी तरह आजाद कराया जा सके।
दुश्मन देशों के एजेंडे पर पीएम मोदी का प्रहार
पीएम मोदी ने कहा कि जब कोई युवा नशे की लत में पड़ता है, तो नुकसान सिर्फ उसका नहीं होता। दुश्मन देश हमारे युवाओं को फंसाने के लिए नई-नई साजिशें रचते हैं। ड्रग्स की सप्लाई से पैसा कमाना और भारत को नुकसान पहुंचाना उनके आतंकी एजेंडे का हिस्सा है, जिसे हमें मिलकर नाकाम करना होगा।
यह अभियान 100 हफ्तों तक चलने वाला एक बड़ा जन-भागीदारी अभियान है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं में नशे की आदत को पूरी तरह खत्म करना है। इस मिशन के तहत हर रविवार को देश भर में स्पोर्ट्स कॉम्पिटिशन, वॉकथॉन, मेडिटेशन सेशन, कल्चरल प्रोग्राम और अवेयरनेस ड्राइव आयोजित किए जाएंगे।
100 रविवार साबित होंगे नशा-मुक्त भारत के कदम
प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले 100 रविवार नशा-मुक्त भारत के निर्माण में 100 मजबूत कदम साबित होंगे। इस लॉन्चिंग इवेंट में बड़ी संख्या में युवा वर्चुअल माध्यम से जुड़े, जिन्होंने खुद को जेन-जी का प्रतिनिधि बताया। देश भर के लाखों युवाओं ने खुद नशे से दूर रहने की कसम खाई है।
युवाओं ने अपने स्कूल, कॉलेज और कम्युनिटी में नशा-मुक्त समाज का मैसेज फैलाने का संकल्प लिया। पीएम मोदी ने खुशी जताते हुए कहा कि यह मिशन साल 2025 में एक पवित्र भूमि से पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू हुआ था, जो अब पूरे देश में एक बड़े आंदोलन का रूप ले चुका है।