Delhi News: नीट परीक्षा पेपर लीक विवाद और जंतर-मंतर पर जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी कैबिनेट के मंत्रियों को अहम सलाह दी है। शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में पीएम मोदी ने मंत्रियों को युवाओं से जुड़ने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘इंस्टाग्राम’ पर सक्रिय होने और रील्स बनाने का सुझाव दिया है।
मंत्रियों से पूछा इंस्टाग्राम पर सक्रियता का सवाल
सूत्रों के अनुसार, बैठक के दौरान पीएम मोदी ने मंत्रियों से पूछा कि उनमें से कितने लोग इंस्टाग्राम पर सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि आज का युवा इस प्लेटफॉर्म पर सबसे ज्यादा समय बिता रहा है। इसलिए मंत्रियों को भी वहां अपनी मौजूदगी बढ़ानी चाहिए और सरकार के जनहितैषी कार्यों को छोटी रील्स के जरिए साझा करना चाहिए।
नीट विरोध और इंस्टाग्राम की ताकत
प्रधानमंत्री की इस सलाह के पीछे सोशल मीडिया की वह ताकत है, जिसका इस्तेमाल हाल ही में नीट परीक्षा पेपर लीक के विरोध में किया गया। प्रभावित छात्र और कॉकरोच जनता पार्टी जैसे संगठन इंस्टाग्राम पर रील्स बनाकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी और सरकार के खिलाफ माहौल बना रहे हैं, जिससे जंतर-मंतर पर भारी भीड़ जुट रही है।
युवाओं से सीधा संवाद स्थापित करना मुख्य मकसद
सरकार के खिलाफ सोशल मीडिया पर बनते इस माहौल को देखते हुए पीएम मोदी ने मंत्रियों को इसी प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं से सीधा संवाद स्थापित करने को कहा है। प्रधानमंत्री का मानना है कि रील्स और सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं के भ्रम को दूर किया जा सकता है और सरकार का पक्ष बेहतर तरीके से रखा जा सकता है।