Panchkula News: हरियाणा में ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ के समर्थन में जनसमर्थन का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। पंचकूला जिले के पंचायती राज संस्थाओं और शहरी स्थानीय निकायों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने इस ऐतिहासिक प्रस्ताव के पक्ष में खुलकर समर्थन जताया है।
प्रदेश सह-संयोजक मदन मोहन छाबड़ा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनप्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति के नाम 200 समर्थन ज्ञापन सौंपे। बैठक में जिला परिषद, ब्लॉक समिति, नगर निगम और ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लेकर एक साथ चुनाव कराने को देशहित में जरूरी बताया।
बार-बार चुनाव से विकास कार्यों पर पड़ता है बुरा असर
मदन मोहन छाबड़ा ने कहा कि बार-बार चुनाव होने से सरकारी खजाने, प्रशासनिक संसाधनों और जनसामान्य पर भारी बोझ पड़ता है। यदि देश में लोकसभा, विधानसभा और स्थानीय निकायों के चुनाव एक साथ कराए जाएं, तो शासन व्यवस्था अधिक प्रभावी और किफायती बनेगी।
उन्होंने बताया कि बार-बार लागू होने वाली आचार संहिता से विकास परियोजनाएं रुक जाती हैं। समिति के विभाग संयोजक नेपाल सिंह राणा और भाजपा जिलाध्यक्ष अजय मित्तल ने कहा कि यह कदम प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने, चुनावी खर्च घटाने और विकास कार्यों में निरंतरता लाने के लिए बहुत जरूरी है।