Nagpur News: महाराष्ट्र के नागपुर शहर में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जरीपटका इलाके के एक प्राइवेट स्कूल में तीसरी कक्षा का आठ वर्षीय छात्र अचानक बेहोश होकर गिर गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। इस अचानक हुई दुखद घटना से परिवार और इलाके में शोक का माहौल है।
स्कूल परिसर के गलियारे में दौड़ते समय अचानक गिरा छात्र
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मृतक छात्र की पहचान समता नगर निवासी फनीत शालिग्राम काटरे के रूप में हुई है। वह स्कूल में तीसरी कक्षा की पढ़ाई कर रहा था। मंगलवार की सुबह उसकी मां उसे हमेशा की तरह स्कूल छोड़कर गई थीं। दोपहर के समय फनीत कक्षा से बाहर गलियारे में अन्य बच्चों के साथ मौजूद था।
दोपहर करीब दो बजकर दस मिनट पर गलियारे में दौड़ते समय वह अचानक जमीन पर गिर पड़ा। घटना के तुरंत बाद स्कूल स्टाफ ने बच्चे को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। वहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सरकारी मेयो अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद छात्र को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर लिया। छात्र की अचानक हुई मौत के असली कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की स्पष्ट वजह सामने आ सकेगी।