Nagpur News: महाराष्ट्र के नागपुर स्थित वाथोडा थाना क्षेत्र में किराए के कमरे से लाखों रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं। मकान मालिक द्वारा कमरा खोलने पर मामले का भंडाफोड़ हुआ। पुलिस ने मौके से 500 रुपये के 37 लाख रुपये के छपे हुए जाली नोट, 48 लाख रुपये के एकतरफा छपे नोट, प्रिंटर और अन्य सामग्री जब्त कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
नागपुर के वाथोडा थाना क्षेत्र अंतर्गत चैतन्येश्वरनगर इलाके में एक किराए के मकान में नकली नोट छापने का भंडाफोड़ हुआ है। आरोपी किराएदार के लंबे समय से लापता रहने के बाद जब मकान मालिक ने कमरे का ताला तोड़ा, तो अंदर भारी मात्रा में जाली नोट और प्रिंटिंग उपकरण बरामद हुए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सामग्री को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मकान मालिक ने तोड़ा ताला, अंदर का दृश्य देखकर उड़े होश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी किराएदार की पहचान पुष्पक भंडारकर उर्फ बेंडे के रूप में हुई है। वह चैतन्येश्वरनगर निवासी रमेश हार्डे के मकान में किराए पर रह रहा था। आरोपी पर कई महीनों का किराया बकाया था और वह कुछ दिनों से कमरे पर नहीं आ रहा था। इससे पहले जब मकान मालिक ने उससे किराया मांगा था, तो उसने हथियार दिखाकर धमकाया था, जिसकी शिकायत वाथोडा थाने में दर्ज कराई गई थी।
आरोपी के काफी दिनों तक वापस न लौटने पर मकान मालिक ने शनिवार को हथौड़े से कमरे का ताला तोड़ा। कमरे के भीतर प्रवेश करते ही उन्हें बाल्टी में भरे नोटों के बंडल, फर्श पर बिखरे कागज और वहां रखा प्रिंटर दिखाई दिया। इसके बाद मकान मालिक ने फौरन स्थानीय पुलिस को सूचित किया।
गिनती के लिए मंगाई गई मशीन, मुंबई में आरोपी की लोकेशन
सूचना मिलने पर वाथोडा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। कमरे की तलाशी के दौरान 500 रुपये के कुल 37 लाख रुपये के पूर्णतः छपे हुए नकली नोट बरामद हुए, जिनकी गिनती के लिए पुलिस को नोट गिनने की मशीन मंगानी पड़ी। इसके अतिरिक्त 48 लाख रुपये मूल्य के ऐसे नोट भी मिले, जो केवल एक तरफ ही प्रिंट किए गए थे।
पुलिस ने जाली नोट, प्रिंटर, विशेष कागज और अन्य उपकरण जब्त कर लिए हैं। प्रारंभिक जांच में आरोपी पुष्पक की लोकेशन मुंबई में होने की जानकारी मिली है। पुलिस की विशेष टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और मामले में विस्तृत जांच जारी है।