Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के परीक्षितगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के दौरान रथ हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया। करंट की चपेट में आने से एक श्रद्धालु की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग झुलस गए।
हादसे में युवक की मौत और पुलिस की जांच
मवाना के एसडीएम संतोष कुमार के अनुसार, रथयात्रा ओम पब्लिक स्कूल से मुख्य सड़क की ओर जा रही थी। तभी अचानक रथ ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आ गया। हादसे में 25 वर्षीय सचिन की मौत हो गई, जबकि सभी घायलों का इलाज जारी है।
एसपी देहात अभिजीत सिंह ने बताया कि रथयात्रा की अनुमति पहले से ली गई थी। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या रथ की ऊंचाई तय मानकों के अनुसार थी या नहीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
18 जुलाई से शुरू हुआ था जगन्नाथ महोत्सव
आयोजक अतुल शर्मा और संजीव शर्मा ने बताया कि 18 जुलाई को कलश यात्रा के साथ जगन्नाथ महोत्सव की शुरुआत हुई थी। इसके बाद धार्मिक कथा का आयोजन किया गया था। कथा के समापन पर शुक्रवार को यह रथयात्रा निकाली जा रही थी, जिस दौरान यह दर्दनाक हादसा घटित हुआ।
