Lucknow News: उत्तर प्रदेश में गुरुवार देर रात हुई तेज बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है। राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर, इंदिरानगर और हजरतगंज समेत कई इलाकों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम दर्ज हुआ।
गुरुवार को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं हवा में नमी 60 से 80 प्रतिशत के बीच रही। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। शुक्रवार को भी कई शहरों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।
तापमान में गिरावट से मिली राहत, बारिश से बदला मौसम
मानसून की सक्रियता के चलते गुरुवार सुबह धूप के साथ बादलों का आना-जाना लगा रहा। दोपहर में मौसम साफ रहने के बाद शाम को अचानक घने बादल घिरे और तेज बारिश का दौर शुरू हो गया। देर रात तक रुक-रुक कर हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
बुधवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री था, जिसमें एक दिन के भीतर 1.1 डिग्री की कमी आई। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आने वाले दिनों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा।
अगले तीन-चार दिनों तक जारी रहेगा मौसम में उतार-चढ़ाव
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी। दिन के समय धूप निकलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे दोबारा उमस का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि स्थानीय स्तर पर बूंदाबांदी की उम्मीद है।
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक तापमान में मामूली इजाफा संभव है। चार दिनों के बाद प्रदेश के कई जिलों में फिर से अच्छी बारिश का नया दौर देखने को मिल सकता है।