New Delhi News: लिवर की बीमारी शुरुआती दौर में बिना स्पष्ट लक्षणों के बढ़ सकती है, विशेषज्ञ नियमित जांच की सलाह दे रहे हैं। मोटापा और टाइप-2 डायबिटीज इस बीमारी का खतरा बढ़ा देते हैं। लगातार थकान, पेट में दर्द, खुजली और पीलिया जैसे लक्षण दिखें तो सावधान हो जाना चाहिए, क्योंकि समय पर जांच नुकसान से बचा सकती है।
लिवर शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक है। यह शरीर से हानिकारक पदार्थों को बाहर निकालने, भोजन को पचाने और ऊर्जा के भंडारण जैसे कई जरूरी काम करता है। लेकिन जीवनशैली और खानपान की गड़बड़ी के चलते इस अंग की सेहत पर कई तरह से नकारात्मक असर देखा जा रहा है और कम उम्र में भी लोग लिवर की समस्याओं का शिकार हो रहे हैं।
बिना लक्षण के बढ़ती बीमारी
क्या हो अगर आपका लिवर धीरे-धीरे खराब हो रहा हो और आपको इसकी भनक तक न लगे? लिवर की गंभीर बीमारियों के शुरुआती दौर में भी अक्सर कोई स्पष्ट संकेत दिखाई नहीं देते। लोगों को लगातार थकान, भूख कम लगने, जी मिचलाने और पेट में दर्द जैसी परेशानियां तो होती रहती हैं, पर अक्सर इन्हें सामान्य मानकर अनदेखा कर दिया जाता है।
दुनियाभर में 1.5 अरब से ज्यादा लोग प्रभावित
आंकड़ों से पता चलता है कि दुनियाभर में 1.5 अरब से ज्यादा लोग क्रॉनिक लिवर डिजीज से प्रभावित हैं। सिरोसिस और प्राइमरी लिवर कैंसर की वजह से हर साल लगभग 24 लाख लोगों की मौत होती है। कुल मिलाकर, लिवर की बीमारियों से हर साल लगभग 20 लाख लोगों की जान जाती है, जो दुनियाभर में होने वाली कुल मौतों का लगभग 4 प्रतिशत है।
डायबिटीज और मोटापे वालों की नियमित जांच की सिफारिश
अब नई गाइडलाइंस के तहत डायबिटीज और मोटापे से जूझ रहे लोगों की भी नियमित जांच की सिफारिश की गई है, क्योंकि इनमें लिवर की बीमारियों का जोखिम ज्यादा हो सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, मोटापा, कमर का बढ़ा घेरा, डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल में गड़बड़ी वाले लोगों को नियमित रूप से लिवर की जांच करानी चाहिए।
जांच में आमतौर पर ब्लड टेस्ट और पेट का अल्ट्रासाउंड शामिल होता है। अगर इनमें कोई गड़बड़ी मिलती है तो लिवर की कठोरता नापने के लिए फाइब्रोस्कैन जैसी जांच की जाती है, जिससे शुरुआती दौर में ही फैटी लिवर और फाइब्रोसिस का पता चल सकता है। अगर शुरुआती दौर में पता चल जाए तो फैटी लिवर को खानपान और जीवनशैली में बदलाव से अक्सर ठीक भी किया जा सकता है।