Thiruvananthapuram News: केरलम (पूर्व में केरल) में माता-पिता की संपत्ति अपने नाम कराने के बाद उन्हें बेसहारा छोड़ने वाले बच्चों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने जानकारी दी है कि राज्य विधानसभा द्वारा पारित नए कानून के तहत दोषियों को 3 साल की जेल होगी। राज्यपाल की मंजूरी मिलते ही यह कानून पूरे राज्य में लागू हो जाएगा।
केरलम (पूर्व में केरल) में अब माता-पिता की संपत्ति हासिल करने के बाद उनकी देखभाल न करने और उन्हें बेसहारा छोड़ने वाले बच्चों को कड़ी सजा का सामना करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने घोषणा की है कि ऐसे मामलों में दोषियों को सीधे 3 साल की जेल की सजा भुगतनी होगी। उन्होंने कोल्लम के गांधी भवन में 20 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक वृद्धजन आवासीय केंद्र ‘पितृमंदिरम’ के उद्घाटन समारोह के दौरान यह जानकारी दी।
विधानसभा से पारित हो चुका है विधेयक
रिपोर्ट के अनुसार, राज्य विधानसभा ने वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करने के लिए अक्टूबर महीने में यह विशेष कानून पारित किया था। मुख्यमंत्री सतीशन ने बताया कि उनकी सरकार ने सत्ता संभालने के बाद सबसे पहले बुजुर्गों के कल्याण के लिए एक अलग विभाग गठित करने का निर्णय लिया था। अब इस विधेयक पर राज्यपाल की मुहर लगते ही नया कानून पूरे राज्य में सख्ती से लागू कर दिया जाएगा।
बदलते पारिवारिक मूल्यों पर मुख्यमंत्री ने जताई चिंता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने समाज में बदलते पारिवारिक मूल्यों पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राज्य की आने वाली पीढ़ियों को यह समझना होगा कि माता-पिता अपने बच्चों को पालने-पोसने में कितना संघर्ष करते हैं।
सीएम सतीशन ने कहा, “बच्चे बड़े होकर सफल हो जाते हैं और फिर अपने माता-पिता की अनदेखी करने लगते हैं।” उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य में ऐसी संस्कृति के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। सतीशन ने आगे कहा, “मेरा सबसे बड़ा सपना है कि केरल में कोई भी बुजुर्ग व्यक्ति अकेला न रहे।”