Jind News: जींद जिले के ढाठरथ गांव के पास एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। सड़क किनारे लगा बिजली का खंभा अचानक एक 14 वर्षीय किशोर के ऊपर गिर गया। गंभीर रूप से घायल किशोर की रोहतक पीजीआई में इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
भात के कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस को दी शिकायत में सिंघाना निवासी कुलदीप ने बताया कि 8 जुलाई को उनका परिवार रायचंदवाला गांव में भात भरने के लिए गया हुआ था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वापस लौटते समय 14 वर्षीय अंकित अपने रिश्तेदार के साथ बाइक पर सवार था।
ढाठरथ गांव से थोड़ा आगे खेड़ी के पास पहुंचते ही सड़क किनारे बना बिजली का खंभा अचानक अंकित के ऊपर आ गिरा। खंभा गिरते ही वह बुरी तरह घायल हो गया। इसके बाद परिजनों ने उसे आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी।
इलाज के दौरान तोड़ा दम, पुलिस जांच शुरू
घायल अंकित को पहले जींद और करनाल के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। स्थिति में सुधार न होने पर उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया, जहां 23 जुलाई को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है।
परिजनों की आधिकारिक शिकायत के आधार पर पुलिस ने बिजली निगम के एक कर्मचारी और ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और संबंधित अधिकारियों से भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।