Pulwama News: जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षा बलों ने एक संयुक्त अभियान के दौरान आतंकवादियों के दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। राजपोरा के यारवन वन क्षेत्र से हुई इस गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों से पिस्तौल, कारतूस और हथगोला बरामद किया गया। शोपियां में भी तीन अन्य संदिग्धों को पकड़ा गया है।
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के यारवन वन क्षेत्र से सुरक्षा बलों ने मंगलवार को आतंकवादियों के दो संदिग्ध मददगारों को गिरफ्तार किया। पुलिस, सेना और सीआरपीएफ के इस संयुक्त अभियान से क्षेत्र में सक्रिय आतंकी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। सुरक्षा बलों ने इलाके में घेराबंदी कर यह कार्रवाई की।
अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों से मिली सटीक जानकारी के आधार पर राजपोरा के सीबी नाथ इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया था। इसी दौरान जंगल की तरफ से गांव की ओर आ रहे दो संदिग्धों को सतर्क जवानों ने हिरासत में ले लिया। उनके पास से हथियार भी मिले हैं।
पकड़े गए संदिग्धों की पहचान लतीफ अहमद दीदाद और एजाज अहमद बजाद के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान इनके पास से एक पिस्तौल, 12 कारतूस और एक हथगोला बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम और यूएपीए की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
सुरक्षा एजेंसियां अब इन आरोपियों के अन्य संपर्कों और हथियारों के स्रोत की गहनता से जांच कर रही हैं। इससे पहले सोमवार को शोपियां जिले में भी सुरक्षा बलों ने मोटरसाइकिल सवार तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। उनसे दो हथगोले और हिज्बुल मुजाहिदीन से जुड़ी सामग्री बरामद हुई थी।
शोपियां से पकड़े गए आरोपियों की पहचान जुनैद अहमद डार, आमिर यूसुफ और जुनैद मुजफ्फर के रूप में हुई है। पुलवामा और शोपियां में लगातार हुई इन गिरफ्तारियों के बाद सुरक्षा बल पूरे इलाके में सघन चेकिंग अभियान चला रहे हैं ताकि आतंकी नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।