गुरुग्राम में पहली इलेक्ट्रिक सिटी बस का ट्रायल शुरू, लूप कार्ड और यूपीआई से मिलेगा टिकट

Share

Gurugram News: गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) के बेड़े में पहली इलेक्ट्रिक बस शामिल हो गई है। यात्रियों के लिए नियमित संचालन से पहले इस 25-सीटर वातानुकूलित बस का विभिन्न रूटों पर तीन दिन तक ट्रायल रन किया जा रहा है। इस दौरान बस के प्रदर्शन और परिचालन क्षमता का मूल्यांकन होगा।

जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पी.सी. मीणा ने बताया कि यह शुरुआत सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक, स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में अहम कदम है। कुल 100 ई-बसों को चरणबद्ध तरीके से बेड़े में शामिल किया जाएगा, जिसमें से पहले चरण के तहत जल्द ही 25 बसें सड़कों पर उतरेंगी।

डिजिटल सफर के लिए नया लूप कार्ड और यूपीआई भुगतान सुविधा शुरू

जीएमसीबीएल ने कैशलेस और स्मार्ट यात्रा को बढ़ावा देने के लिए नए ‘लूप कार्ड’ का परीक्षण भी शुरू कर दिया है। यह प्रीपेड कार्ड 100 रुपये में मिलेगा और इसकी पूरी राशि का उपयोग किराये के भुगतान में किया जा सकेगा। कार्ड धारकों को हर यात्रा पर 2 प्रतिशत छूट और ऑनलाइन रिचार्ज की सुविधा मिलेगी।

इसके अलावा गुरुगमन की सभी बसों में यूपीआई के माध्यम से किराया भुगतान की सुविधा पूरी तरह लागू कर दी गई है। यात्री अब किसी भी यूपीआई ऐप का उपयोग करके सीधे टिकट का भुगतान कर सकते हैं। यह उन्नत लूप कार्ड प्रमुख मेट्रो स्टेशनों, बस डिपो और प्रमुख बस स्टॉप पर उपलब्ध कराया जा रहा है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News