Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा अभियान शुरू किया है। पार्टी आज प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन आयोजित कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।
गोरखपुर में 892 बूथ अध्यक्षों को संबोधित करेंगे सीएम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसमें गोरखपुर शहर और ग्रामीण विधानसभा के 892 बूथ अध्यक्ष हिस्सा लेंगे। पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता और उपमुख्यमंत्री प्रदेश के विभिन्न जिलों में कमान संभालेंगे।
गोरखपुर को मिलेगी 995 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात
संगठनात्मक कार्यक्रम के अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर को 995 करोड़ रुपये की सौगात भी देंगे। इसमें 813.52 करोड़ रुपये की चार प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इसके साथ ही वे 181.77 करोड़ रुपये की 10 नई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे।
शहर का पहला सिक्सलेन फ्लाईओवर बनकर तैयार
लोकार्पण होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर बना पहला सिक्सलेन फ्लाईओवर शामिल है, जिसकी लागत 429 करोड़ रुपये से अधिक है। इसके अलावा पैडलेगंज से फिराक गोरखपुरी चौराहे तक फोरलेन सड़क चौड़ीकरण और एयरफोर्स स्टेशन से जुड़े निर्माण कार्यों का उद्घाटन किया जाएगा।
साइंस म्यूजियम और हॉस्टल का होगा शिलान्यास
शिलान्यास होने वाली परियोजनाओं में श्रमजीवी महिला छात्रावास, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और गोरखपुर विश्वविद्यालय के पास साइंस म्यूजियम का निर्माण शामिल है। ये सभी कार्य शहर के बुनियादी ढांचे और शिक्षा क्षेत्र को नई मजबूती प्रदान करेंगे।