पीएम मोदी की अपील के बाद मई से अब तक 30 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ सोना

Share

- Advertisement -

New Delhi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से बीते 11 मई को देशवासियों से सोना न खरीदने की अपील किए जाने के बाद से सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। मई से अब तक 10 ग्राम सोने के भाव करीब 30 हजार रुपये कम हो चुके हैं। इस दौरान देश में सोने के आयात और घरेलू मांग में भी उल्लेखनीय कमी आई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते 11 मई को एक वीडियो संदेश जारी कर देशवासियों से एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील की थी। रिपोर्ट के अनुसार, उनकी इस अपील के बाद से अब तक सोने की कीमतों में भारी गिरावट आई है। प्रधानमंत्री ने सोने की कीमतों में आई इस कमी के लिए देशवासियों का आभार भी जताया है। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा उनकी अपील पर अमल करने के कारण आज सोने की कीमत काफी नीचे आ चुकी है।

घरेलू और वैश्विक बाजार में गिरे सोने के भाव

आंकड़ों के मुताबिक, 11 मई को मल्टीकमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का भाव 1.52 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम था। 20 नवंबर को यह कीमत करीब 20 प्रतिशत गिरकर 1.22 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई है। इस तरह मई से अब तक सोने के भाव में करीब 30 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम की कमी दर्ज की गई है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में गिरावट देखी गई है। 11 मई को वैश्विक बाजार में सोना 4,724 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर था, जो शनिवार 21 नवंबर को 25 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,538 डॉलर प्रति औंस पर आ गया है। इससे पहले इसी साल जनवरी में वैश्विक बाजार में सोने का भाव 5,590 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया था।

सोने के आयात में 39.9 प्रतिशत की कमी

प्रधानमंत्री की अपील के बाद देश में सोने के आयात में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल से अक्टूबर के दौरान सोने का कुल आयात 24.78 अरब डॉलर रहा, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में यह 41.24 अरब डॉलर था। इस प्रकार सोने के कुल आयात में 39.9 प्रतिशत की कमी आई है। अकेले अक्टूबर महीने में सोने का आयात 62.6 प्रतिशत घटकर 5.52 अरब डॉलर रह गया।

वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल की रिपोर्ट में भी मांग घटने की पुष्टि

वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के आंकड़ों में भी घरेलू स्तर पर सोने की मांग घटने की बात सामने आई है। काउंसिल के अनुसार, जुलाई से सितंबर तिमाही में सोने की कुल मांग 29 प्रतिशत गिरकर 162 टन रह गई। इसके अलावा, पीली धातु की कुल खपत में भी 40 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।

इस अवधि में आभूषणों (ज्वैलरी) की मांग 20 प्रतिशत घटकर केवल 100 टन रही, जो वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के बाद से किसी भी तिमाही का सबसे कमजोर प्रदर्शन है। इसके साथ ही गोल्ड बार और सिक्कों की मांग में भी 40 प्रतिशत की गिरावट आई है और यह 55 टन पर सिमट गई है।

Read more

Related News