बारिश में बिना तले बनाएं क्रिस्पी प्याज के पकौड़े, शेफ संजीव कपूर से जानें आसान एयर फ्रायर रेसिपी

Share

New Delhi News: मानसून के सुहावने मौसम में गरमा-गरम चाय के साथ करारे पकौड़े खाना हर किसी को पसंद होता है। हालांकि अधिक तेल में चले होने के कारण हेल्थ कॉन्शियस लोग पकौड़े खाने से बचते हैं। अब आपको अपने स्वाद से समझौता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि बिना तले भी कुरकुरे पकौड़े बनाए जा सकते हैं।

मशहूर शेफ संजीव कपूर ने अपने यूट्यूब चैनल पर बिना तेल के एयर फ्रायर में क्रिस्पी प्याज के पकौड़े बनाने की बहुत ही आसान रेसिपी शेयर की है। इस तरीके को अपनाकर आप बिना किसी गिल्ट के मानसून का पूरा आनंद ले सकते हैं। आइए जानते हैं कम तेल वाले ये स्वादिष्‍ट पकौड़े बनाने के आसान स्टेप्स।

एयर फ्रायर प्याज पकौड़ा बनाने के लिए सामग्री

स्वादिष्ट प्याज पकौड़े तैयार करने के लिए दो से तीन पतले स्लाइस में कटे प्याज, आधा कप बेसन, एक छोटा चम्मच अजवाइन, एक छोटा चम्मच चाट मसाला और एक छोटा चम्मच हल्दी पाउडर ले लें। इसके अलावा एक छोटा चम्मच जीरा पाउडर, एक छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, स्वादानुसार नमक और ग्रीसिंग के लिए थोड़ा सा ऑयल स्प्रे या तेल लें।

सारे मसाले और बेसन को एक साथ नापकर अलग रख लें। सामग्री की सही मात्रा पकौड़ों को बेहतरीन टेक्सचर देने में मदद करती है। अगर आप अतिरिक्त कुरकुरापन पसंद करते हैं, तो बेसन में थोड़ा सा कॉर्नफ्लोर भी मिला सकते हैं। इससे पकौड़े लंबे समय तक करारे बने रहते हैं।

बेसन का बैटर और पकौड़े तैयार करने की विधि

सबसे पहले प्याज को छीलकर पतली स्लाइस में काट लें। अब एक बड़े बाउल में बेसन लें और उसमें अजवाइन, नमक, चाट मसाला, हल्दी, जीरा पाउडर और लाल मिर्च मिलाकर सूखा मिक्स करें। इसके बाद कटे हुए प्याज डालकर थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए मध्यम गाढ़ा बैटर तैयार करें और इसे कुछ मिनटों के लिए सेट होने दें।

बैटर का सही गाढ़ापन बहुत महत्वपूर्ण है। यदि घोल बहुत पतला हो जाएगा, तो पकौड़े क्रिस्पी नहीं बन पाएंगे। इसके बाद एयर फ्रायर की ट्रे पर बटर पेपर बिछाएं और ब्रश की मदद से थोड़ा सा तेल या घी लगाएं। अब बैटर से छोटे-छोटे पकौड़े बनाकर ट्रे में थोड़ी-थोड़ी दूरी पर रखें।

एयर फ्रायर में पकाने की टाइमिंग और जरूरी टिप्स

एयर फ्रायर को 200°C पर सेट करें और पकौड़ों को पहले 6 मिनट तक पकाएं। इसके बाद ट्रे निकालकर पकौड़ों को पलट दें और ऊपर से हल्का सा तेल स्प्रे करें। इसके बाद दोबारा 200°C पर 8 मिनट तक एयर फ्रायर चलाएं। आपके बिना तले क्रिस्पी पकौड़े तैयार हैं, जिन्हें हरी चटनी के साथ सर्व करें।

बेहतरीन परिणाम के लिए कुछ बातों का विशेष ध्यान रखें। प्याज में पहले से नमक डालकर न रखें, वरना प्याज पानी छोड़ देगी और पकौड़े मुलायम हो जाएंगे। अगर बैटर गाढ़ा रहेगा तो एयर फ्रायर में पकौड़े बेहद कुरकुरे और स्वादिष्ट बनेंगे।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News