Delhi News: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर भारत के कई राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 5 और 6 सितंबर को तेज बारिश की संभावना है। वहीं उत्तराखंड में 10 सितंबर तक भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया गया है।
आईएमडी के शनिवार को जारी बुलेटिन के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में बिजली कड़कने के साथ बारिश होने के आसार हैं। मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में 5 सितंबर को बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर के राज्यों में भी तेज बारिश हो सकती है।
बीते 24 घंटों में उत्तर भारत के कई हिस्सों में झमाझम बारिश दर्ज की गई है। दिल्ली के पालम में 7 सेंटीमीटर और सफदरजंग में 4 सेंटीमीटर बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण यह मौसमी बदलाव आया है।
मौसम विभाग ने 6 सितंबर के बाद पंजाब और दिल्ली-एनसीआर में बारिश की गतिविधियों में कमी आने का अनुमान जताया है। हालांकि उत्तराखंड में 11 सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। भारी बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव, बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।