Rampur News: लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि रामपुर का समग्र विकास और नशे के खिलाफ सख्त लड़ाई राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और ग्रामीण विकास को गति देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
शुक्रवार को लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रामपुर के लवी मैदान में स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की स्मृति में आयोजित बुशहर प्रीमियर लीग के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इसके अलावा, उन्होंने बुशहर वॉलीबॉल एसोसिएशन की ओर से आयोजित अखिल भारतीय आमंत्रित वॉलीबॉल प्रतियोगिता में भी मुख्य रूप से भाग लिया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि आगामी तीन-चार दिनों में वह रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का दौरा कर आम जनता से सीधा संवाद करेंगे।
सड़कों की मरम्मत और बसों की व्यवस्था पर जोर
मंत्री ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के माध्यम से सड़कों के रखरखाव और मरम्मत के कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। हाल ही में हुई सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए उन्होंने खुद दुर्घटनास्थलों और विभिन्न क्षेत्रों का जायजा लिया है। उन्होंने बताया कि रामपुर में बसों की उपलब्धता और बेहतर बस रूटों की मांग को लेकर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से चर्चा की गई है, जबकि बसों के टायरों की कमी का मामला मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया गया है।
नशे के खिलाफ सामूहिक जंग और खेलकूद को बढ़ावा
नशे के बढ़ते कारोबार पर चिंता व्यक्त करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने स्पष्ट किया कि इस सामाजिक बुराई के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार या पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। युवाओं को खेलकूद के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए उन्होंने अपनी संस्था की ओर से बुशहर स्वास्तिक फाउंडेशन को दो लाख रुपये देने की घोषणा की।
गौरतलब है कि बुशहर प्रीमियर लीग के रोमांचक फाइनल मुकाबले में गोल्डन स्पेयरो ननखड़ी ने कंचन वैली सुंगरी बहाली को हराकर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता की विजेता टीम को छह लाख रुपये और उपविजेता टीम को तीन लाख रुपये की नकद इनामी राशि प्रदान की गई।