Kangra News: प्रदेश के छह जिलों के लाखों लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करवाने वाले डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में शैक्षणिक और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए 78 कनाल अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता महसूस की जा रही है। संस्थान को एम्स की तर्ज पर विकसित करने की योजना के तहत यह भूमि उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है।
दो बड़े छात्रावास और पीजी सीटों का होगा विस्तार
कालेज प्रशासन और जिला प्रशासन ने संस्थान के समीप करीब 78 कनाल उपयुक्त भूमि का चयन कर लिया है। इस भूमि पर दो बड़े छात्रावासों के निर्माण की योजना है, जिससे विद्यार्थियों और कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधाओं का दायरा बढ़ सकेगा। इसके अलावा, स्नातकोत्तर (पीजी) की 57 सीटें बढ़ने तथा रेडियोलॉजी और नर्सिंग समेत अन्य महत्वपूर्ण चिकित्सा पाठ्यक्रमों के विस्तार के लिए भी पर्याप्त आधारभूत ढांचा तैयार किया जाना जरूरी बताया गया है।
प्रशासनिक स्वीकृतियों और बजट की प्रक्रिया शुरू
चिह्नित भूमि के अधिग्रहण, संशोधित बजट और प्रशासनिक स्वीकृति से जुड़ी औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है। इस संबंध में प्रदेश सरकार के समक्ष भूमि उपलब्ध कराने और सभी आवश्यक स्वीकृतियां जल्द प्रदान करने की औपचारिक मांग रखी गई है। जमीन मिलने से टांडा मेडिकल कॉलेज में भविष्य की स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक योजनाओं के क्रियान्वयन का मार्ग पूरी तरह प्रशस्त हो जाएगा।